मुरैना में सास और दामाद का काला कारनामा, पॉश कॉलोनी में घर से चला रहे थे अवैध शराब कारोबार, पुलिस ने की जब्त

Morena Police Action : मुरैना की संजय कॉलोनी में घर से कथित अवैध शराब कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 84 लीटर शराब जब्त कर सास-दामाद पर केस दर्ज किया है।
Morena Police Raid
पुलिस ने घर से जब्त की अवैध शराबफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Morena Illegal Liquor : मुरैना शहर की संजय कॉलोनी में एक मकान से कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे अवैध शराब के कारोबार का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। रविवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पटी गली स्थित एक मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों में छिपाकर रखी गई करीब 84 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मामले में सास और दामाद के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

शहर कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि पटी गली निवासी रजनी सिकरवार अपने घर से अवैध शराब बेच रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने रविवार रात मकान पर दबिश दी। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो अलग-अलग जगहों पर शराब छिपाकर रखे जाने की बात सामने आई।

अलमारी और फ्रिज में छिपाकर रखी थी शराब

तलाशी के दौरान पुलिस को लोहे की अलमारी में अवैध शराब की बोतलें मिलीं, जबकि फ्रिज के अंदर बीयर की बोतलें रखी हुई थीं। पुलिस के अनुसार, शराब छिपाने के लिए घर के फर्श और बालकनी में गुप्त चेंबर भी बनाए गए थे। टीम ने मकान के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी लेकर शराब जब्त की।

6 पेटी देसी, 24 बीयर और 37 अंग्रेजी शराब की बोतलें जब्त

पुलिस ने मकान से देसी शराब की 6 पेटियां, बीयर की 24 बोतलें और अंग्रेजी शराब की 37 बोतलें बरामद की हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 84 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ में दामाद का नाम सामने आया

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान 48 वर्षीय रजनी पत्नी सरमन सिंह ने बताया कि उसका दामाद गोलू पुत्र विजय परमार शराब लेकर आता था। इसके बाद पुलिस ने रजनी सिकरवार और गोलू के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब दोनों से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

पहले भी अवैध शराब के मामले में पकड़ी जा चुकी है महिला

पुलिस का कहना है कि रजनी सिकरवार को पहले भी अवैध शराब के मामले में पकड़ा जा चुका है। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस मकान से कितने समय से शराब का कथित कारोबार चल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

Morena Police Raid
इंदौर: अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो दिनों में 1 करोड़ से ज्यादा की शराब जब्त, गुजरात कनेक्शन की जांच

शराब की सप्लाई का स्रोत तलाश रही पुलिस

फिलहाल कोतवाली पुलिस जब्त शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जाती थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस अवैध शराब के कारोबार से जुड़े संभावित अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com