जौरा-अंबाह में मिलावट की आशंका पर तीन डेयरियों में कार्रवाई, 182 किलो पनीर समेत 267 किलो दुग्ध पदार्थ जब्त

Morena Food Safety Action : मुरैना के जौरा-अंबाह में खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन डेयरियों पर कार्रवाई कर 182 किलो पनीर, 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया। नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए।
Food Safety Department Seizes Paneer Mawa and Ghee
फूड सेफ्टी विभाग ने जब्त किए दुग्ध पदार्थ(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Morena Dairy Raid : दूध और दुग्ध पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को जौरा और अंबाह क्षेत्र की तीन डेयरियों पर कार्रवाई की। टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 182 किलो पनीर, 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया है। जब्त किए गए सभी दुग्ध पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए स्टेट लैब भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और वास्तविक संरचना को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

पहली कार्रवाई अंबाह क्षेत्र के चक्रपाण का पुरा डंडोली में केशव बघेल की डेयरी पर की गई। यहां मावा और घी तैयार किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल प्रताप सिंह परिहार ने 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया। विभाग के अनुसार जब्त किए गए इन दोनों पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार 500 रुपये है। इनके विधिवत नमूने भी लिए गए हैं।

जौरा की दो डेयरियों से 182 किलो पनीर जब्त

दूसरी कार्रवाई जौरा क्षेत्र में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों दिनेश सिंह निम और महेंद्र सिंह सिरोठिया की टीम ने दिव्यांश ट्रेडिंग कंपनी और जय बजरंग डेयरी का निरीक्षण किया। दिव्यांश ट्रेडिंग कंपनी से 103 किलो पनीर जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 36 हजार 50 रुपये बताई गई है। वहीं जय बजरंग डेयरी से 79 किलो पनीर जब्त हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार 280 रुपये है।

पनीर की वास्तविक संरचना की होगी जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई के दौरान यह भी जांचा कि कहीं एनालॉग या वैकल्पिक उत्पादों को पनीर के नाम पर तो नहीं बेचा जा रहा है। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने से पहले जब्त किए गए पनीर को एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया गया है। सभी नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की वास्तविक संरचना और गुणवत्ता स्पष्ट होगी।

मानकों पर खरा नहीं उतरा तो होगी कार्रवाई

विभाग के मुताबिक यदि प्रयोगशाला जांच में नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं या पनीर अथवा मावा के स्थान पर किसी अन्य वसा या वनस्पति वसा आधारित उत्पाद का इस्तेमाल पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत की जाएगी।

Food Safety Department Seizes Paneer Mawa and Ghee
इंदौर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: नगर निगम अधिकारी के ठिकानों पर छापा, आय से 1.73 करोड़ ज्यादा मिली संपत्ति

रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त किए गए सभी दुग्ध पदार्थों के नमूने सुरक्षित तरीके से प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुल 267 किलो दुग्ध पदार्थ जब्त किए गए हैं। अब विभाग को स्टेट लैब भोपाल की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में गुणवत्ता और खाद्य पदार्थों की संरचना को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद संबंधित डेयरियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com