Highlights :
मंदसौर के दूधाखेड़ी में ट्रक की चपेट में आने से 6 साल के बच्चे की मौत।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
ग्रामीणों ने गरोठ-भानपुरा रोड पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
Six Year Old Child Dies in Mandsaur : मंदसौर जिले में भानपुरा थाना क्षेत्र के दूधाखेड़ी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ट्रक ने 6 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की मौत से नाराज स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गरोठ-भानपुरा रोड पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। लोग हादसे के लिए जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गरोठ के एडिशनल एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि पहले मामले में एफआईआर दर्ज की जाए और फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने स्थिति को संभालने और प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए ग्रामीणों से लगातार चर्चा की।
ग्रामीणों की मांग के बाद मप्र पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। साथ ही आरोपी ट्रक चालक को अगले दिन सुबह तक गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। हालांकि हादसे में छह साल के बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक शामगढ़ क्षेत्र के असावती गांव से लोग चुनरी यात्रा लेकर दूधाखेड़ी माता मंदिर जा रहे थे। मंदिर से कुछ दूरी पहले ही यह हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक परिवार ने अपना मासूम बच्चा खो दिया। नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।