

Khandwa Police Missing Mobile Recovery : गणेश उत्सव के मौके पर खंडवा पुलिस ने जिले के लोगों को बड़ी राहत दी है। पुलिस ने ऑपरेशन सहयोग के तहत अलग-अलग स्थानों से गुम हुए 113 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 23 लाख 49 हजार रुपए बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
खंडवा पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में गुम मोबाइल की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साइबर सेल और थाना पुलिस की टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से ऐसे मोबाइलों को ट्रेस किया, जो मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, पंजाब और राजस्थान समेत अलग-अलग राज्यों में सक्रिय थे। टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर इन मोबाइलों की लोकेशन और इस्तेमाल करने वालों की जानकारी जुटाई और उन्हें बरामद किया।
खंडवा पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक 496 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 89 लाख 97 हजार रुपए है। बरामद मोबाइलों में ऐसे फोन भी शामिल हैं, जो वर्ष 2023, 2024 और 2025 के दौरान गुम हुए थे। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में इनमें से 113 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
मोबाइल वापस पाने वालों में छैगांव माखन निवासी चिंताराम जगताप भी शामिल रहे। उन्होंने बताया कि उनका मोबाइल करीब चार साल पहले गुम हो गया था। इतने लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने की उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी। खंडवा पुलिस की कार्रवाई से मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जताई और पुलिस टीम को 5 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों को मोबाइल गुम होने और साइबर अपराध से बचाव के तरीके भी बताए। पुलिस ने अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही CEIR पोर्टल और संचार साथी ऐप के जरिए मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसे ट्रेस करने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी के मामलों में सतर्क रहने और किसी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील भी की।