MP में आज से फिर दौड़ेंगी लोक परिवहन की बसें, 7 शहरों में 351 बसों से शुरुआत, मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

Madhya Pradesh Bus Service : MP में आज से सुगम परिवहन सेवा शुरू होगी। भोपाल, इंदौर समेत 7 शहरों में 351 बसें चलेंगी। गुरुवार शाम मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिवहन सेवा की बसों का जायजा लिया।
CM Mohan Yadav inspects buses
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिया बसों का जायजाफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

MP Sugam Parivahan Seva : मध्य प्रदेश में आज से सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत होने जा रही है। राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ करेंगे। शुरुआती चरण में प्रदेश के 7 शहरों को इस सेवा से जोड़ा गया है। इन शहरों में कुल 351 बसें संचालित की जाएंगी। इनमें इंटरसिटी और इंट्रासिटी दोनों तरह की बसें शामिल हैं।

भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार शाम कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, सभा स्थल और बसों की व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने बसों का निरीक्षण करने के साथ ड्राइवरों से भी बातचीत की। परिवहन सचिव मनीष सिंह समेत विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

21 साल बाद फिर शुरू होगी लोक परिवहन सेवा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि करीब 21 साल बाद प्रदेश में लोक परिवहन बस सेवा को नए स्वरूप में शुरू किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य आधुनिक और सुविधाजनक बसों का नेटवर्क तैयार करना है, जिसे चरणबद्ध तरीके से शहरों से जिलों तक विस्तार दिया जाएगा। इसके साथ ही बस स्टॉप, बस स्टैंड, इलेक्ट्रॉनिक यात्री सुविधाओं और बेहतर कंट्रोलिंग सिस्टम को विकसित करने की योजना है।

इंटरसिटी सफर के लिए 2 रुपए प्रति किलोमीटर किराया

सुगम परिवहन सेवा के तहत इंटरसिटी बसों के लिए किराया 2 रुपए प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। अलग-अलग शहरों में बसों की संख्या और रूट के हिसाब से सेवा का संचालन किया जाएगा। इसका उद्देश्य शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन को व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है।

अलग-अलग बस सेवाएं एक व्यवस्था में आएंगी

नई व्यवस्था में अलग-अलग एजेंसियों के जरिए संचालित बस सेवाओं को एक साझा सिस्टम के तहत लाने की तैयारी है। भोपाल में भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड के साथ पीएम बस सेवा के तहत संचालन किया जा रहा है। इसी तरह इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन सहित अन्य शहरों में भी बस सेवाओं को एक व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।

सभी बसों पर एक जैसे रंग और स्टीकर

बसों को एक समान पहचान देने के लिए एक जैसे रंग और स्टीकर का इस्तेमाल किया गया है। सोशल मीडिया पर बसों की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बस एजेंसियों ने अपने स्तर पर यह काम कराया है।

इलेक्ट्रिक बसें भी होंगी सेवा का हिस्सा

सुगम परिवहन सेवा में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया गया है। ईजी मायट्रिप की सहायक कंपनी ईएमटीईवी/ईजी ग्रीनमोबिलिटी की 12 मीटर इलेक्ट्रिक सीटर बसें भी सेवा का हिस्सा होंगी। इन बसों को लंबी दूरी के सार्वजनिक परिवहन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इनमें आरामदायक सीटिंग, व्यक्तिगत एयर वेंट और यात्रियों के लिए पर्याप्त जगह जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

CM Mohan Yadav inspects buses
India West Indies T20: इंदौर के होलकर स्टेडियम में सामान्य टिकटों की बिक्री शुरू, फैंस में जबरदस्त उत्साह

किस शहर में कितनी बसें?

शुरुआती चरण में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड से सेवा शुरू होगी।

  • इंदौर: 145 बसें, इनमें 50 इंटरसिटी और 95 इंट्रासिटी

  • भोपाल: 106 बसें, इनमें 23 इंटरसिटी और 83 इंट्रासिटी

  • जबलपुर: 67 बसें, इनमें 14 इंटरसिटी और 53 इंट्रासिटी

  • रीवा: 18 इंटरसिटी बसें

  • देवास: 10 इंटरसिटी बसें

  • कटनी: 3 इंटरसिटी बसें

  • भिंड: 2 इंटरसिटी बसें

इस तरह पहले चरण में कुल 351 बसों के जरिए सुगम परिवहन सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। सरकार की योजना आने वाले समय में इस नेटवर्क को प्रदेश के दूसरे शहरों और जिलों तक विस्तार देने की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com