

Khandwa Karate Players : खंडवा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। मुंबई के मीरा रोड स्थित मिहिर सेन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 4 और 5 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में खंडवा कराटे अकादमी के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल 6 पदक जीते। प्रतियोगिता में भारत के साथ नेपाल, भूटान, मलेशिया, श्रीलंका और थाईलैंड के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया।
कुमिते स्पर्धा में खंडवा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हर्ष मालवीय ने 42 किलोग्राम, नेवेद्धया पाल ने 39 किलोग्राम और तुषार पटेल ने 52 किलोग्राम वजन वर्ग में अपने-अपने मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किए। तीनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रतियोगिता में खंडवा की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
काता स्पर्धा में भी खंडवा जिले के खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की। हर्ष मालवीय ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि नेवेद्धया पाल और तुषार पटेल ने कांस्य पदक जीते। खास बात यह रही कि तीनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो-दो पदक हासिल किए, जिससे खंडवा कराटे अकादमी के प्रदर्शन को मजबूती मिली।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के साथ निर्णायक की भूमिका निभाने वाले कोच शिहान मनीष भैसारे को उत्कृष्ट निर्णायक प्रदर्शन के लिए बेस्ट रेफरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मनीष भैसारे द्रोणा रत्न पुरस्कार विजेता हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को दिया।
शिहान मनीष भैसारे ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगे भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खंडवा का नाम रोशन करेंगे।
खंडवा के कराटे खिलाड़ियों की उपलब्धि पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव, समाजसेवी एवं प्रवक्ता सुनील जैन, जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित कराटे अकादमी, खिलाड़ियों के अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने खुशी जताई। सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों और कोच को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।