

Dead Rat Found In Non-Veg Food Khandwa: खंडवा में होटल से पैक कराकर घर ले जाए गए नॉनवेज खाने में मरा हुआ चूहा मिलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। कंचनवाली वार्ड निवासी सलमान खान के परिवार ने कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल से नॉनवेज खाना पैक कराया था।
घर पहुंचने के बाद परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान सलमान के बेटे को खाने में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। उसने उसे खींचकर बाहर निकाला तो उसमें मरा हुआ चूहा मिला। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए।
परिजनों के मुताबिक, सलमान के बेटे और बेटी ने खाना खाया था। इसके कुछ देर बाद बेटे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे दो-तीन बार उल्टियां हुईं। बच्चे की हालत देखकर परिवार घबरा गया और उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार किया। परिवार का कहना है कि खाने में चूहा मिलने के बाद से वे बेहद चिंतित हैं। घटना का वीडियो भी परिजनों ने बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में है।
मामले को लेकर सलमान खान ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने संबंधित होटल संचालक के खिलाफ जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई। पैक खाने में मरा हुआ चूहा मिलने की घटना ने होटल और खाद्य पदार्थों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर परिवार ने चिंता जताई है।
मामले में फूड सेफ्टी अधिकारी राधेश्याम गोली ने बताया कि फिलहाल विभाग के पास इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उनका कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिवार की शिकायत और सामने आए वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर नजर है। वहीं, घटना ने होटल से मिलने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।