CM मोहन यादव के खंडवा दौरे से पहले कांग्रेस का प्रदर्शन, काले झंडे दिखाने की कोशिश, हिरासत में कार्यकर्ता

Khandwa Congress News : मुख्यमंत्री मोहन यादव के खंडवा दौरे से पहले कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने काले झंडे दिखाने की कथित कोशिश नाकाम करते हुए कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
Khandwa Congress Protest
कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Khandwa Congress Protest: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खंडवा दौरे से पहले सोमवार को कांग्रेस ने विभिन्न स्थानीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से रैली के रूप में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली, तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। केवलराम पेट्रोल पंप चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।

काले झंडे दिखाने की थी तैयारी

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को काले झंडे दिखाने की भी तैयारी की थी। हालांकि पुलिस ने समय रहते उन्हें रोक दिया और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की उनकी कोशिश को विफल कर दिया। कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर आगे बढ़ने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया।

पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों में बैठाया। कोतवाली थाना प्रभारी आर्य के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहा।

स्थानीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे खंडवा से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। वहीं पुलिस का कहना था कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए किसी भी प्रदर्शनकारी को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com