खंडवा में कांग्रेस का विजय मार्च, NEET पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

NEET Paper Leak Protest : खंडवा में कांग्रेस ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर विजय मार्च निकाला। राहुल गांधी के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, BJP और RSS के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की।
Khandwa Congress Vijay March
कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Khandwa Congress Vijay March: NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने खंडवा में विजय मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च को "राहुल गांधी का धन्यवाद एवं विजय मार्च" नाम दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग दोहराई।

विजय मार्च गांधी भवन से शुरू होकर नगर निगम चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल और विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य शामिल हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस के खिलाफ नारेबाजी की।

राहुल गांधी के समर्थन में लगे नारे

मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने "देश का झंडा तिरंगा, नहीं चलेगा दो रंगा", "आरएसएस को भेजो तार, बीजेपी की हो गई हार", "धर्मेंद्र प्रधान तो झांकी है, नरेंद्र मोदी बाकी है" और "जीत का सेहरा किसके नाम, राहुल गांधी-राहुल गांधी" जैसे राजनीतिक नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई।

छात्र-युवाओं की लड़ाई जारी रहेगी: प्रतिभा रघुवंशी

शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यह विजय मार्च देश के छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, युवाओं के अधिकारों और निष्पक्ष भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी।

गांधी प्रतिमा पर लिया संकल्प

मार्च का समापन नगर निगम चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर हुआ, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छात्र-युवा हितों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com