जबलपुर में इंश्योरेंस की रकम के लिए गर्भवती पत्नी की हत्या, पति ने दी थी सुपारी, वारदात को दिखाया था हादसा

Jabalpur Murder Case : जबलपुर में इंश्योरेंस की रकम के लिए गर्भवती पत्नी की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने सहायक के साथ मिलकर सुपारी देकर हत्या कराई थी।
Jabalpur Police investigating the alleged murder conspiracy of a pregnant woman
पुलिस गिरफ्त में आए हत्या के आरोपीफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Jabalpur Pregnant Wife Murder : जबलपुर में इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लिए गर्भवती पत्नी की हत्या कराने की साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पति प्रयास पांडे ने अपने सहायक मानसिंह लोधी के साथ मिलकर पत्नी कविता चौधरी की हत्या की योजना बनाई थी।

करीब एक महीने पहले हुई घटना को शुरुआत में पुलिस सड़क हादसा मानकर जांच कर रही थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मिले सुरागों से मामला संदिग्ध लगा और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।

लोडिंग ऑटो से स्कूटी को मारी टक्कर

जबलपुर पुलिस के अनुसार, कविता चौधरी 4 सितंबर को स्कूटी से अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान पाटन के कंतोरा-रानीताल क्षेत्र में आरोपी कई घंटों तक उनका इंतजार कर रहे थे। मौका मिलते ही लोडिंग ऑटो से कविता की स्कूटी को टक्कर मार दी गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और बाद में उनकी मौत हो गई।

किराए के ऑटो ने खोला साजिश का राज

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस लोडिंग ऑटो से टक्कर हुई थी, वह किराए पर लिया गया था। पुलिस ने ऑटो मालिक की तलाश की तो उसने बताया कि वाहन मूलचंद नामक युवक को किराए पर दिया गया था। पुलिस ने मूलचंद को पकड़ा तो पूछताछ में कथित साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस की जांच हत्या के एंगल पर आगे बढ़ी।

लाखों के इंश्योरेंस पर पुलिस का फोकस

जबलपुर में महिला की हत्या के मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि मृतका कविता चौधरी के नाम पर लाखों रुपए का बीमा था। कविता पहले एक निजी बीमा कंपनी में नौकरी करती थीं। पुलिस के मुताबिक, पति प्रयास पांडे ने कथित तौर पर इंश्योरेंस की रकम मिलने के बाद हत्या में शामिल लोगों को पैसे देने का वादा किया था। इसी बिंदु ने पुलिस की जांच को साजिश और हत्या की ओर मोड़ा।

2024 में कोर्ट में की थी शादी

पुलिस के अनुसार, कविता चौधरी और प्रयास पांडे की मुलाकात वर्ष 2022 में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2024 में दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली थी। प्रयास पांडे पाटन में नोटरी का काम करता है। आरोप है कि उसने अपने सहायक मानसिंह लोधी के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई।

Jabalpur Police investigating the alleged murder conspiracy of a pregnant woman
उज्जैन में पत्नी पर दराते से हमला, चरित्र शंका को लेकर पति ने किया वार, हाथ और पैर में आई गंभीर चोट

पति की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, कविता की हत्या को अंजाम देने की जिम्मेदारी मूलचंद सहित तीन अन्य लोगों को दी गई थी। मामले में अब पुलिस साजिश के कथित मास्टरमाइंड पति प्रयास पांडे की तलाश कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य आरोपियों और हत्या की पूरी साजिश में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com