

Ujjain Husband Attacks Wife : उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ढाचा भवन में पति द्वारा पत्नी पर धारदार दराते से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पति महिला पर हथियार से वार करता नजर आ रहा है। हमले में महिला के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला ने चिमनगंज थाना पुलिस को शिकायत देकर मामले की जानकारी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
ढाचा भवन निवासी माला चौधरी के मुताबिक, वह अपने पति सुनील से पिछले करीब छह महीने से अलग रह रही है। महिला का आरोप है कि उसका पति लगातार उसके चरित्र पर शक करता है। परिवार में एक बड़ी बेटी और दो छोटे बेटे हैं। महिला के अनुसार, पति द्वारा घर के खर्च के लिए रुपये नहीं दिए जाने के कारण बच्चों की जिम्मेदारी उठाने के लिए उसे खुद काम करना पड़ रहा है।
उज्जैन पुलिस को दी गई शिकायत में माला ने बताया कि वह बच्चों के पालन-पोषण और परिवार का खर्च चलाने के लिए होटल में काम करने जाती है। महिला का आरोप है कि होटल में काम करने जाने को लेकर उसका पति आए दिन विवाद करता था। वह उसके चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज और मारपीट भी करता था। महिला के अनुसार, उसका पति ई-रिक्शा चलाता है, लेकिन घर के खर्च में रुपये नहीं देता था।
महिला के अनुसार, रात में सुनील धारदार हथियार लेकर उसके पास पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद सुनील ने धारदार दराते से माला पर हमला कर दिया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भी एक व्यक्ति महिला पर धारदार हथियार से वार करता दिखाई दे रहा है। हमले में माला के हाथ और पैर में चोटें आईं।
घटना के बाद घायल माला चौधरी चिमनगंज थाना पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पति पर चरित्र शंका को लेकर लगातार परेशान करने, गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।