गरिमा अभियान: स्कूल-कॉलेजों के बाहर पुलिस की चेकिंग, छात्राओं से छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई
Jabalpur Police : जबलपुर पुलिस ने गरिमा अभियान के तहत स्कूल और कॉलेजों के बाहर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। छात्राओं से छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई, संदिग्ध युवकों से पूछताछ और वाहन जांच की गई।
- Reported By: पवन पटेल | Edited By: प्रीतेश जैन
जबलपुर पुलिस ने चलाया गरिमा अभियान (फोटो सोर्स- नवभारत)
Jabalpur Garima Abhiyan : जबलपुर पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ‘गरिमा अभियान’ के तहत विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना तथा छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करना है। अभियान के तहत पुलिस ने शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बाहर वाहन चेकिंग और संदिग्ध युवकों की जांच की।
अभियान के तहत एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने पुलिस टीम के साथ शहर के कई स्कूलों और कॉलेजों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और यह जानकारी ली कि उन्हें रास्ते में किसी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने या अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है। पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।
वाहन चेकिंग कर संदिग्ध युवकों से पूछताछ
गरिमा अभियान के तहत स्कूल और कॉलेजों के आसपास घूम रहे संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस ने उनके वाहनों के दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की तथा वहां मौजूद रहने का कारण पूछा। जिन युवकों के जवाब संतोषजनक नहीं मिले, उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। कुछ युवकों से लिखित माफीनामा भी लिया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।
सम्बंधित ख़बरें
सीहोर में आस्था पर गंदे पानी की मार, सीवेज मिले पानी से भगवान शिव का जलाभिषेक करने को मजबूर श्रद्धालु
इंदौर पुलिस बनी फरिश्ता! चलती बाइक से गिरे छात्र को मौके पर दिया CPR, पुलिसकर्मी की तत्परता से बची युवक की जान
मुरैना में शराब के विवाद के बाद फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी को मारी गोली, मौके पर हुई मौत
बंडा में नशे ने ले ली मासूम की जान: 3 साल के मासूम पर गिरा शराबी पिता, दम घुटने से हुई मौत
छात्राओं की शिकायतों के बाद शुरू हुआ अभियान
पुलिस के अनुसार लंबे समय से छात्राओं और महिलाओं की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि स्कूल और कॉलेज आते-जाते समय कुछ युवक उनका पीछा करते हैं और बदसलूकी करते हैं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ‘गरिमा अभियान’ शुरू किया गया है। एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई भी व्यक्ति छेड़छाड़ या उत्पीड़न करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : सीहोर में आस्था पर गंदे पानी की मार, सीवेज मिले पानी से भगवान शिव का जलाभिषेक करने को मजबूर श्रद्धालु
लगातार जारी रहेगा अभियान
जबलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि गरिमा अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे नियमित रूप से चलाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही छात्राओं से अपील की गई है कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
