MP News: जबलपुर में बंद मकान से आ रही थी बदबू, दरवाजा खुला तो किचन में मिला महिला का शव; जानें पूरा मामला
Neha Singh Dead Body Found: जबलपुर के न्यू कंचनपुर में बंद मकान के किचन से महिला का शव बरामद किया गया है। शव के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था, महिला का पति फरार बतया जा रहा है।
- Reported By: पवन पटेल | Edited By: सजल रघुवंशी
जबलपुर में संदिग्ध हालत में मिला महिला का शव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Jabalpur Adhartal Female Dead Body Found: जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र स्थित न्यू कंचनपुर इलाके में शुक्रवार को एक बंद मकान से महिला का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मकान का दरवाजा खुलवाकर अंदर जांच की। घर के किचन में महिला का शव मिलने के बाद मामला और अधिक संदिग्ध हो गया।
पुलिस के अनुसार न्यू कंचनपुर स्थित मकान से कई दिनों से दुर्गंध आने की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि घर में रहने वाले पति-पत्नी काफी समय से दिखाई नहीं दे रहे थे। सूचना के बाद अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर किचन में महिला का शव पड़ा मिला। मृतका की पहचान नेहा सिंह के रूप में हुई है।
घटनास्थल की स्थिति ने बढ़ाया संदेह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था और उसका दूसरा सिरा कमरे के पंखे से लटका मिला। घटनास्थल की परिस्थितियां प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध बना रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
सम्बंधित ख़बरें
भोपाल के हथाईखेड़ा डैम में नियमों की उड़ रही धज्जियां, प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा-VIDEO
सुआतला सड़क हादसा निकला सामूहिक हत्याकांड, डॉक्टर ने रेत माफिया के साथ मिलकर रची थी साजिश, 8 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 640 लीटर संदिग्ध घी जब्त, 21 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
ट्विशा शर्मा केस: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को झटका, विशेष अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
पति के लापता होने से जांच का फोकस बढ़ा
घटना के बाद से मृतका का पति मयंक सिंह लापता बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वह अधारताल स्थित एक चॉकलेट फैक्ट्री में कार्यरत है। वारदात के बाद उसका अचानक गायब हो जाना पुलिस के लिए जांच का महत्वपूर्ण बिंदु बन गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: राजगढ़ में सोशल मीडिया पोस्ट पर भारी बवाल, RSS पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला कांग्रेस IT सेल अध्यक्ष गिरफ्तार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि शव काफी पुराना होने के कारण उसका विघटन शुरू हो चुका था, जिससे शरीर पर किसी बाहरी चोट के स्पष्ट निशान दिखाई नहीं दे रहे हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पति से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य अपराध का। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
