

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभारी मंत्री पद छोड़ दिया।
मंत्री चेतन्य कश्यप को इंदौर जिला का नया प्रभारी मंत्री बनाया गया।
सामान्य प्रशासन विभाग यानी जीएडी ने 25 नवंबर को नियुक्ति आदेश जारी किया।
Chetanya Kashyap New Indore In Charge Minister: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के प्रशासनिक और राजनीतिक समीकरणों में एक बहुत बड़ा बदलाव हुआ है। सीएम मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ दिया है। अब उनकी जगह पर मध्य प्रदेश सरकार ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कश्यप को इंदौर जिले का नया प्रभारी मंत्री नियुक्त किया है।
इस नियुक्ति के साथ ही अब जिले के विकास कार्यों, प्रशासनिक गतिविधियों और महत्वपूर्ण बैठकों की जिम्मेदारी चेतन्य कश्यप संभालेंगे।
दरअसल, मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग यानी जीएडी ने बुधवार, 25 नवंबर को इस संबंध में ऑफिशियल ऑर्डर जारी कर दिया है। उप सचिव शैलेंद्र कुमार हनोतिया के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में चेतन्य कश्यप को उनके वर्तमान विभागीय दायित्वों के साथ इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पास अब तक इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का दायित्व था। हालांकि, मध्य प्रदेश शासन के नए आदेश के बाद यह जिम्मेदारी अब चेतन्य कश्यप को सौंप दी गई है। इस बदलाव को कई मायनों में अहम माना जा रहा है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव, राज्यपाल के प्रमुख सचिव, प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिवों, संभागायुक्तों, कलेक्टरों और जनसंपर्क आयुक्त समेत संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को भेजी गई है।
चेतन्य कश्यप को इंदौर जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद अब जिले से जुड़े विकास कार्यों और प्रशासनिक बैठकों में उनकी भूमिका अहम होगी।