

Ujjain Jitu Patwari Viral Video: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो उज्जैन जिले के उन्हेल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां मंगलवार को इंदौर से मंदसौर जाते समय पटवारी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वायरल वीडियो को लेकर अब भाजपा ने कांग्रेस और जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला है।
जानकारी के अनुसार, जीतू पटवारी कुछ समय के लिए उन्हेल के पास आयोजित स्वागत कार्यक्रम में रुके थे। इसी दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और किसानों ने उनका स्वागत किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक किसान उन्हें श्री राधा-कृष्ण की तस्वीर अंकित दुपट्टा भेंट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि पटवारी ने दुपट्टा हाथ में लेने के बाद गले में पहले से पहना हुआ एक अन्य धार्मिक दुपट्टा उतार दिया और दोनों दुपट्टों को नीचे मौजूद लोगों की ओर फेंक दिया।
वीडियो में जीतू पटवारी हाथ में भगवान के नाम और तस्वीर वाले दुपट्टे दिखाई दे रहे हैं। इसी दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वीडियो किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किया गया और उसका पूरा संदर्भ क्या था, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले को लेकर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक गुप्ता ने कांग्रेस और जीतू पटवारी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह सनातन धर्म और किसानों की भावनाओं का अपमान है। विवेक गुप्ता के मुताबिक, जो किसान श्रद्धा के साथ ‘श्री राधे’ अंकित दुपट्टा पहना रहे थे, उसे इस तरह फेंकना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला व्यवहार है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपनी जिम्मेदारियों और आचरण की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। भाजपा ने इस घटना को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा है। फिलहाल इस पूरे विवाद पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। साथ ही वायरल वीडियो की सत्यता और उसके संदर्भ को लेकर भी पार्टी की तरफ से कोई स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।