सीहोर: छेड़छाड़ करने वाले मनचले की बीच सड़क पर चप्पलों से पिटाई, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Girl beats Molester: सीहोर में छेड़छाड़ करने वाले मनचले युवक की युवती ने बीच सड़क पर चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग युवती के साहस की सराहना कर रहे हैं।
Sehore Viral Video News
मनचले को पीटती युवती
Published on
Updated on

Sehore Viral Video: मध्य प्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय से एक बेहद चौंकाने वाला और हिम्मत से भरा मामला सामने आया है। यहां नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक मनचले युवक को राह चलती युवती के साथ छेड़छाड़ करना उस वक्त भारी पड़ गया, जब युवती ने डरने के बजाय उसे सबक सिखाने का फैसला किया। युवती के इस साहस को देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।

चश्मदीदों के मुताबिक, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक काफी देर से राह चलती युवतियों पर फब्तियां कस रहा था और बदतमीजी करने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच उसने एक युवती पर कमेंट पास किया और छेड़छाड़ की। मनचले की इस हरकत से गुस्से से लाल युवती ने बिना डरे साहस का परिचय दिया। उसने बीच सड़क पर ही पैर से चप्पल निकालकर सरेराह मनचले की जमकर धुनाई शुरू कर दी।

डरने के बजाय उठाया कदम

अक्सर ऐसी घटनाओं में युवतियां डरकर चुप रह जाती हैं या बदनामी के डर से कोई भी कार्रवाई करने से पीछे हट जाती हैं, लेकिन इस बहादुर युवती ने मनचले को मौके पर ही सबक सिखाकर समाज को एक कड़ा संदेश दिया है।

तमाशबीन बने रहे लोग, युवक मांगता रहा माफी

हैरानी की बात यह रही कि जब बीच सड़क पर यह पूरा हाई-वोल्टेज ड्रामा चल रहा था, तब वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने तमाशा देखते रहे। युवती लगातार युवक पर चप्पलें बरसाती रही और मनचला युवक सबके सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती की भीख मांगता और माफी मांगता नजर आया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग कर रहे तारीफ

इस पूरी घटना के दौरान वहां मौजूद किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंटरनेट पर लोग युवती की बहादुरी और अदम्य साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि हर लड़की को अपनी सुरक्षा के लिए इसी तरह निडर बनना होगा। मामले में अभी तक किसी तरह की पुलिस कार्रवाई की खबर सामने नहीं आई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com