इंदौर-बुधनी प्रोजेक्ट से चमकेगी मांगलिया की किस्मत, बनेगा रेलवे का महा जंक्शन; अब 2 घंटे पहले पहुंचेंगे भोपाल
Mega Railway Project: इंदौर-बुधनी 204 किमी लंबी नई रेल लाइन परियोजना के तहत मांगलिया स्टेशन को महा जंक्शन के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब भोपाल-जबलपुर का सफर 45 किलोमीटर छोटा हो जाएगा।
- Written By: सजल रघुवंशी
मांगलिया स्टेशन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Manglia Railway Station Mega Junction: इंदौर-बुधनी नई रेल लाइन परियोजना से मध्य प्रदेश के रेल नेटवर्क में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस परियोजना के तहत मांगलिया स्टेशन को एक बड़े महा जंक्शन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ नए क्रॉसिंग और हाल्ट स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जिससे माल और यात्री दोनों सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। नई रेल लाइन शुरू होने के बाद यात्रा समय में करीब दो घंटे तक की कमी आने की संभावना है।
परियोजना के तहत मांगलिया स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार तेज गति से चल रहा है। यहां प्लेटफॉर्म और बीच के हिस्से का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि नया फुट ओवर ब्रिज (FOB) भी तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
विकसित किए जा रहे नए गुड्स शेड
मांगलिया स्टेशन के दोनों ओर नए गुड्स शेड विकसित किए जा रहे हैं। स्टेशन को खासतौर पर पेट्रोलियम और सोयाबीन सप्लाई के बड़े हब के रूप में तैयार किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में मांगलिया माल ढुलाई का प्रमुख केंद्र बन सकता है। इसे देखते हुए ट्रैक कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ-साथ लोडिंग और अनलोडिंग सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
सागर में सनसनी: एलिवेटेड कॉरिडोर पर बाइक खड़ी कर युवक ने तालाब में लगाई छलांग; नाविकों ने यूं बचाई जान
राजधानी एक्सप्रेस के रेस्क्यू के लिए निकली रेलवे की आपातकालीन वैन खाई में पलटी; 5 रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल
सिंहस्थ 2028 में गुम होने का डर खत्म! RPF और NGO का डिजिटल कदम; श्रद्धालुओं को मिलेंगे ‘RFID ट्रैकिंग बैंड’
श्योपुर में तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 28 घायल, 13 की हालत गंभीर
10 कांसिंग और 7 हाल्ट किए जा रहे विकसित
इंदौर-बुधनी रेल परियोजना के तहत नए रेल मार्ग पर 10 क्रॉसिंग और 7 हाल्ट स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही एक फ्लाईओवर का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी। हालांकि स्टेशन परिसर में कुछ कमरों का निर्माण कार्य अभी बाकी है। कुल मिलाकर परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन यात्रियों को सभी आधुनिक सुविधाओं का पूरा लाभ मिलने में अभी कुछ समय लग सकता है।
मजबूत होगी रेल कनेक्टिविटी
10 क्रॉसिंग और 7 हाल्ट स्टेशन से ग्रामीण क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। वहीं, मांगलिया रेलवे स्टेशन को मालवा और महाकौशल क्षेत्र के बड़े व्यापारिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के बाद पेट्रोलियम और सोयाबीन जैसी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई देश के विभिन्न हिस्सों तक तेजी से पहुंचाई जा सकेगी। इससे न केवल माल ढुलाई व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: सागर में सनसनी: एलिवेटेड कॉरिडोर पर बाइक खड़ी कर युवक ने तालाब में लगाई छलांग; नाविकों ने यूं बचाई जान
ऐसे बचेगा समय, 2 घंटे का आएगा अंतर
पहले इंदौर से राजधानी भोपाल या जबलपुर जाने वाली ट्रेनों को उज्जैन, सीहोर और संत हिरदाराम नगर होकर गुजरना पड़ता था, जिससे यात्रा की दूरी और समय दोनों बढ़ जाते थे। अब 204 किलोमीटर लंबी नई इंदौर-बुधनी रेल लाइन बनने के बाद इंदौर सीधे भोपाल-जबलपुर मुख्य रेल मार्ग से जुड़ जाएगा। इससे यात्रा दूरी करीब 45 किलोमीटर तक कम होगी, जबकि सफर में लगभग दो घंटे की बचत होने की संभावना है।
