Indore School Kitchen Sealed: झलारिया कैंपस बायपास रोड स्थित शिशुकुंज स्कूल में बच्चों के भोजन से स्वास्थ्य खराब होने की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने स्कूल के किचन का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के बाद स्कूल के किचन को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया है।
कलेक्टर शिवम वर्मा को अभिभावकों द्वारा शिकायत मिली थी कि स्कूल में दिए जा रहे भोजन के सेवन के बाद बच्चों की तबीयत खराब हो रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल संयुक्त जांच दल का गठन कर स्कूल परिसर में जांच शुरू कराई।
निरीक्षण के दौरान किचन में उपयोग हो रहे पनीर, आइसक्रीम, मसाले, शरबत, राजमा, तेल, नमकीन, विभिन्न दालें, दूध, तैयार भोजन, रोटी और पीने के पानी सहित कुल 23 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। सभी सैंपलों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच के दौरान किचन में एक्सपायरी डेट निकल चुके 10 मसालों के पैकेट और 2 नमकीन के पैकेट पाए गए। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित प्रकरण तैयार किया गया और तत्काल प्रभाव से किचन को सील कर दिया गया।
कार्रवाई में एसडीएम कनाड़िया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी , खाद्य सुरक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग एवं इंदौर पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने पूरे किचन और खाद्य भंडारण व्यवस्था की विस्तृत जांच की।
यह भी पढें:
कलेक्टर शिवम वर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि स्कूल, हॉस्टल, मेस, कैंटीन या किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट या खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता दिखाई देने पर कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हर शिकायत पर त्वरित जांच और सख्त कार्रवाई की जाएगी।