

Indore Prahlad Pandey Assault : इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में अवैध होर्डिंग का विरोध कर रहे सोशल वर्कर प्रहलाद पांडे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक लाइव के दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की।
इस दौरान उनका मोबाइल और माइक्रोफोन भी छीन लिया गया। पांडे का आरोप है कि माइक्रोफोन तोड़ दिया गया और उनके द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी डिलीट करवाया गया।
जानकारी के मुताबिक प्रहलाद पांडे बाणगंगा क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग को लेकर फेसबुक लाइव कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ विवाद शुरू हो गया। पांडे का आरोप है कि विवाद के बाद उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल व माइक्रोफोन छीन लिया गया।
प्रहलाद पांडे ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बीजेपी विधायक के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके द्वारा बनाए जा रहे वीडियो को डिलीट करवाने के लिए भी दबाव बनाया गया। हालांकि, इन आरोपों पर बीजेपी विधायक ने कोई टिप्पणी नहीं की है, वही सामाजिक कार्यकर्ता ने इसे लेकर बाणगंगा थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई है।
घटना के बाद प्रहलाद पांडे गांधी प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। उनके साथ उनकी पत्नी भी धरने पर बैठी हैं। पांडे ने मामले में माफी मांगने और विवादित होर्डिंग हटाने की मांग की है।
पांडे ने इंदौर नगर निगम की रिमूवल कार्रवाई को भेदभावपूर्ण बताया है। उनका आरोप है कि अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई में समान रूप से कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है।
प्रहलाद पांडे का कहना है कि जब तक मारपीट के मामले में माफी नहीं मांगी जाती और संबंधित अवैध होर्डिंग को हटाया नहीं जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। मामले में इंदौर पुलिस की ओर से कार्रवाई और दूसरे पक्ष का बयान सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।