

इंदौर के पलाश परिसर में आठवीं मंजिल से गिरकर युवती अंजली की मौत।
उत्तराखंड के चमोली की रहने वाली अंजली एक सप्ताह पहले बॉयफ्रेंड के साथ नोएडा से इंदौर आई थी।
घटना के समय फ्लैट में मौजूद बॉयफ्रेंड अजय हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो शेयर होने से युवती के तनाव में रहने की बात सामने आई।
Noida woman Dies After Falling From Eighth Floor In Indore: इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पलाश परिसर में आठवीं मंजिल से गिरने के कारण एक युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली की रहने वाली थी।
जानकारी के मुताबिक, अंजली करीब एक सप्ताह पहले ही अपने बॉयफ्रेंड के साथ नोएडा से इंदौर आई थी। दोनों ने पीथमपुर में नौकरी करने की बात कहकर किराए पर फ्लैट लिया था।
घटना के समय अंजली का बॉयफ्रेंड अजय फ्लैट में मौजूद था। वह उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला बताया जा रहा है। युवती के आठवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिलने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले में इंदौर पुलिस ने अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में युवती के तनाव में रहने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि अंजली का पति सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रहा था, जिसके कारण वह तनाव में थी। हालांकि, तनाव की वजह और घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती आठवीं मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरी।
घटना की सूचना मिलने पर तेजाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस हिरासत में लिए गए अजय से पूछताछ कर रही है। घटना दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद अंजली की मां इंदौर के लिए रवाना हो गई हैं।