

Indore Footi Kothi Vegetable Market Removal News : इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर सालों से लग रही सब्जी मंडी को हटाने पहुंची नगर निगम की रिमूवल टीम को व्यापारियों और नेता प्रतिपक्ष के विरोध का सामना करना पड़ा।
रिमूवल कार्रवाई के दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने व्यापारियों के साथ मिलकर नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान उनकी अधिकारियों से कई बार तीखी बहस भी हुई।
दरअसल, फूटी कोठी चौराहे पर लंबे समय से सब्जी मंडी संचालित हो रही है। यहां बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता अपनी दुकानें और ठेले लगाते हैं। इंदौर नगर निगम की रिमूवल टीम पिछले कई दिनों से इस मंडी को हटाने के प्रयास कर रही थी। निगम की ओर से चौराहे से मंडी हटाने की तैयारी की जा रही थी। इसी कड़ी में शनिवार को नगर निगम का अमला कार्रवाई करने पहुंचा।
जैसे ही नगर निगम की टीम ने मंडी हटाने की कार्रवाई शुरू की तो मौके पर मौजूद व्यापारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भी व्यापारियों के साथ खड़ी हो गईं। उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसका विरोध किया। निगम अधिकारियों और नेता प्रतिपक्ष के बीच काफी देर तक बहस होती रही। इस दौरान माहौल गर्म हो गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
विरोध के दौरान नगर निगम के वाहन की चाबी निकाले जाने की बात भी सामने आई। नेता प्रतिपक्ष लगातार कार्रवाई रोकने की कोशिश करती रहीं और अधिकारियों के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि, अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी। विरोध के बावजूद नगर निगम के रिमूवल अमले ने मंडी में लगाई गई दुकानों और ठेलों को जब्त कर लिया।
फूटी कोठी चौराहे पर लंबे समय से कारोबार कर रहे सब्जी विक्रेताओं के लिए नगर निगम की यह कार्रवाई बड़ा झटका है। वहीं, मंडी हटाने को लेकर नगर निगम और व्यापारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। कार्रवाई के दौरान नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी ने मामले को राजनीतिक रंग भी दे दिया।