भोपाल: गन्ने का भाव 600 रुपए क्विंटल करने की मांग पर अड़े किसान, CM हाउस की ओर कूच की चेतावनी

Bhopal Sugarcane Farmers Protest : भोपाल में गन्ना किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसानों की मांग है कि गन्ना का दाम 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। किसानों ने सीएम हाउस की ओर कूच करने चेतावनी दी है।
bhopal protest
भोपाल में किसानों का प्रदर्शनफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • राजधानी भोपाल में रातभर सड़क पर डटे रहे गन्ना किसान।

  • प्रदर्शन कर रहे किसानों ने गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग की।

  • प्रदर्शनकारी किसानों ने सरकार को दिया अल्टीमेटम।

  • मांगें नहीं मानी गई तो मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे किसान।

: भोपाल में गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और बोनस देने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। सरकार की ओर से मांगों पर फैसला नहीं होने से नाराज किसान भोपाल में होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर डटे हुए हैं।

किसानों ने पूरी रात खुले आसमान के नीचे बिताई और अब सरकार को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे।

कृषि विभाग के सचिव से मिला किसानों का प्रतिनिधिमंडल

भोपाल में प्रदर्शन कर रहे किसानों की मांगों पर चर्चा के लिए पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात करने पहुंचा है। किसान नेताओं का कहना है कि बैठक के नतीजे के आधार पर आंदोलन की आगे की रणनीति तय होगी। यदि बातचीत में किसानों के हित में कोई निर्णय होता है तो आंदोलन को लेकर विचार किया जाएगा नहीं तो किसान सीएम हाउस की ओर मार्च करेंगे।

गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग

किसानों ने मध्य प्रदेश सरकार को उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का समय दिया है। उनकी प्रमुख मांग गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल तय करने के साथ किसानों को बोनस देने की है। किसान नेताओं का कहना है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सर्विस रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग की है। वीर सावरकर सेतु के शुरुआती हिस्से में बैरिकेड लगाए गए हैं, जबकि गणेश मंदिर के पास भी बैरिकेडिंग की तैयारी की गई है। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह इंतजाम किए हैं।

bhopal protest
राजधानी भोपाल में किसानों का आंदोलन, गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग पर अड़े किसान

सुरक्षा के लिए 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी

प्रदर्शन स्थल पर रातभर भोपाल पुलिस की निगरानी रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो डीएसपी, चार इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों सहित करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मंगलवार को पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर करीब 150 करने की तैयारी है। फिलहाल प्रशासन की नजरें कृषि विभाग के सचिव के साथ किसानों की बैठक के नतीजे पर हैं।