MP सेमीकंडक्टर समिट: भोपाल में ₹2,000 करोड़ से बनेगी लिथियम-आयन सेल फैक्ट्री, 2,000 से ज्यादा रोजगार के अवसर

Madhya Pradesh Semiconductor Summit 2026: सेमीकंडक्टर समिट में उना इकोसिस्टम्स ने भोपाल के EMC-2 में ₹2000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा। लिथियम-आयन सेल फैक्ट्री से 2,000 से अधिक रोजगार की उम्मीद है।
CM Mohan Yadav In Madhya Pradesh Semiconductor Summit 2026
समिट में उद्योगपतियों से मिले सीएम मोहन यादवफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • उना इकोसिस्टम्स भोपाल के EMC-2 में ₹2,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव लेकर आई।

  • नेक्स्ट-जनरेशन लिथियम-आयन सेल विनिर्माण इकाई स्थापित करने की योजना।

  • परियोजना से 2,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान।

  • 500 से अधिक प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्रस्तावित।

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंपनी के अधिकारियों को GIS-2027 के लिए आमंत्रित किया।

Bhopal Lithium Ion Cell Manufacturing Plant : मध्यप्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बड़ा निवेश प्रस्ताव सामने आया है। उना इकोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड भोपाल के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर-2 (EMC-2) में ₹2,000 करोड़ के निवेश से नेक्स्ट-जनरेशन लिथियम-आयन सेल विनिर्माण इकाई स्थापित करने जा रही है।

प्रस्तावित परियोजना से प्रदेश में 2,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। इसमें 500 से अधिक प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल होंगे।

सेमीकंडक्टर समिट में मुख्यमंत्री से मिले कंपनी के अधिकारी

इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इसी क्रम में उन्होंने उना इकोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ विशाल सिंह और हेड-ऑपरेशंस लोकेंद्र अग्रवाल से मुलाकात की। बैठक में प्रदेश में प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

भोपाल के EMC-2 में स्थापित होगी नई इकाई

कंपनी ने भोपाल के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर-2 में अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। यह ग्रीनफील्ड परियोजना हाई-एलएमओ तकनीक पर आधारित नेक्स्ट-जनरेशन लिथियम-आयन सेल का निर्माण करेगी। प्रस्तावित निवेश से मध्यप्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) क्षेत्र को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

इलेक्ट्रिक वाहन और स्वच्छ ऊर्जा उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

अहमदाबाद स्थित उना इकोसिस्टम्स इलेक्ट्रिक वाहनों, सौर ऊर्जा, औद्योगिक उपकरणों और मूल उपकरण निर्माताओं (OEM) के लिए सुरक्षित और फास्ट-चार्जिंग लिथियम-आयन सेल तथा बैटरी समाधान तैयार करती है। कंपनी की मध्यप्रदेश में फिलहाल उपस्थिति नहीं है। भोपाल में प्रस्तावित इकाई स्थापित होने से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े उद्योगों को मजबूती मिलने की संभावना है।

CM Mohan Yadav In Madhya Pradesh Semiconductor Summit 2026
उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार को घेरा, बोले- कागजों पर निवेश, SOR में बढ़े रेट से हो रहा भ्रष्टाचार

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को दिया सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैठक में कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को आवश्यक संसाधन और विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) के लिए भी आमंत्रित किया। प्रस्तावित निवेश से भोपाल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर तैयार होने की उम्मीद है।

Navbharat Live
navbharatlive.com