इंदौर में आज सेमीकंडक्टर समिट 2026 का शुभारंभ करेंगे CM मोहन यादव, 50 से ज्यादा कंपनियां दिखाएंगी तकनीक

MP Semiconductor Summit 2026 : मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर हब बनाने की तैयारी, इंदौर में जुटेंगे देश-विदेश के निवेशक और उद्योग विशेषज्ञ, सीएम मोहन यादव आज करेंगे समिट का शुभारंभ।
Indore Semiconductor Summit inauguration
इंदौर में आज सेमीकंडक्टर समिट 2026 का शुभारंभ करेंगे CMफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • इंदौर में आज से दो दिवसीय मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ।

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में समिट का उद्घाटन करेंगे।

  • मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने का विजन प्रस्तुत किया जाएगा।

  • समिट में देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल होंगे।

  • दो दिवसीय आयोजन में 8 पैनल चर्चाएं, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य व्याख्यान प्रस्तावित हैं।

Indore Semiconductor Summit inauguration : इंदौर में आज से मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस समिट का उद्घाटन करेंगे। आयोजन के जरिए मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का विजन प्रस्तुत किया जाएगा।

दो दिवसीय समिट में देश-विदेश की सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, तकनीकी सहयोग और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर हब बनाने का विजन

सीएम डॉ. मोहन यादव समिट में सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश का विजन प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही वे आयोजन में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री उद्योग से जुड़े निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग की स्थापना, निवेश की संभावनाओं और तकनीकी सहयोग को लेकर चर्चा होगी।

चिप डिजाइन से लेकर विनिर्माण तक पर चर्चा

समिट में सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। इनमें चिप डिजाइन, सेमीकंडक्टर विनिर्माण, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, अनुसंधान और नवाचार प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर भी जोर रहेगा।

दो दिवसीय आयोजन में कुल 8 पैनल चर्चाएं, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य व्याख्यान प्रस्तावित हैं। इनके जरिए उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक और शिक्षाविद अपने अनुभव साझा करेंगे।

50 से ज्यादा कंपनियां प्रदर्शनी में दिखाएंगी तकनीक

समिट में आयोजित प्रदर्शनी में 50 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी। कंपनियां चिप डिजाइन, पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, उपकरण, सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उभरती तकनीकों से जुड़े अपने उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी के माध्यम से निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को कंपनियों से सीधे संवाद करने तथा संभावित कारोबारी सहयोग के अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।

AI और स्टार्टअप इकोसिस्टम पर भी फोकस

समिट के पहले दिन उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग हब के रूप में मध्यप्रदेश के विकास, फैबलेस इकोसिस्टम और सेमीकंडक्टर विनिर्माण एवं आपूर्ति शृंखला पर पैनल चर्चाएं होंगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर और फैबलेस उत्पादों से जुड़ी कंपनियों के साथ राउंडटेबल बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।

सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता के विजेता होंगे सम्मानित

आयोजन के समापन समारोह में मध्यप्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता के अंतिम चरण के लिए चयनित विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के जरिए सेमीकंडक्टर क्षेत्र में काम कर रहे स्टार्टअप और नवाचार आधारित समाधानों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा।

Indore Semiconductor Summit inauguration
लोकायुक्त की जांच में फिरोज की संपत्तियों को लेकर नए खुलासे, देवास में खरीदे दो प्लॉट, जमीन के सौदे में भी नाम

सेमीकंडक्टर नीति-2025 से निवेश को प्रोत्साहन

राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025 को स्वीकृति दी है। इस नीति के जरिए प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योगों की स्थापना, निवेश और तकनीकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है।

समिट को इसी दिशा में उद्योग जगत, निवेशकों, शिक्षण संस्थानों और अनुसंधान से जुड़े विशेषज्ञों के बीच संवाद का मंच माना जा रहा है। अब आयोजन के दौरान होने वाली चर्चाओं और निवेशकों के साथ बैठकों पर नजर रहेगी कि मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग के विस्तार के लिए किस तरह की संभावनाएं सामने आती हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com