ग्वालियर बस स्टैंड से डेढ़ माह की बच्ची का अपहरण, CCTV में गोद में ले जाते दिखा संदिग्ध

Gwalior Baby Kidnapping : ग्वालियर बस स्टैंड से डेढ़ माह की बच्ची पूजा के अपहरण का मामला सामने आया है। CCTV में एक अज्ञात व्यक्ति बच्ची को गोद में ले जाते दिखा। पुलिस तलाश में जुटी है।
Gwalior bus stand baby kidnapping
ग्वालियर बस स्टैंड से डेढ़ माह की बच्ची का अपहरणफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • ग्वालियर के बस स्टैंड से डेढ़ माह की बच्ची पूजा लापता।

  • टीकमगढ़ से मजदूरी करने आया था परिवार, बस स्टैंड पर रह रहे थे।

  • मां के लौटने पर बच्ची गायब मिली, CCTV में उसे गोद में ले जाता दिखा संदिग्ध।

Gwalior Bus Stand Baby Kidnapping : ग्वालियर शहर के बस स्टैंड से एक से डेढ़ माह की दूधमुंही बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। रविवार रात बच्ची अचानक लापता हो गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक अज्ञात व्यक्ति उसे गोद में लेकर पैदल जाता दिखाई दिया है। बच्ची की मां की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस बच्ची और संदिग्ध की तलाश में जुटी है।

तीन दिन पहले मजदूरी के लिए ग्वालियर आया था परिवार

जानकारी के अनुसार टीकमगढ़ निवासी राधा अहिरवार अपने पति हरीशचंद्र और 2 बच्चियों के साथ 3 दिन पहले मजदूरी करने ग्वालियर शहर आई थी। परिवार के पास रहने का कोई ठिकाना नहीं था इसलिए वे बस स्टैंड परिसर में ही रह रहे थे। रविवार को हरीशचंद्र मजदूरी करने गया था। राधा के मुताबिक वो शराब पीकर लौटा और पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद हरीशचंद्र सिरदर्द होने की बात कहकर बस स्टैंड पर ही सो गया।

मां के लौटने पर गायब मिली डेढ़ माह की पूजा

राधा ने बताया कि उसके पास बच्चियों को दूध पिलाने तक के पैसे नहीं थे। उसने भीख मांगकर कुछ पैसों का इंतजाम किया और दोनों बच्चियों को दूध पिलाकर सुला दिया। इस दौरान एक महिला और दो अन्य लोग उनसे कुछ दूरी पर बैठे थे। राधा अपनी एक सहेली के साथ किसी काम से वहां से चली गई। करीब एक घंटे बाद लौटने पर बड़ी बच्ची सोती मिली लेकिन डेढ़ माह की पूजा गायब थी।

CCTV में बच्ची को गोद में ले जाता दिखा अज्ञात व्यक्ति

बच्ची के नहीं मिलने पर राधा ने आसपास तलाश की। उसे जानकारी मिली कि एक व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले गया है। इसके बाद उसने बस स्टैंड पुलिस चौकी पर सूचना दी। मामला गंभीर होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। पुलिस ने बस स्टैंड के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति बच्ची को गोद में लेकर पैदल जाता दिखाई दिया।

बसों से लेकर रेलवे स्टेशन तक चलाया तलाशी अभियान

बच्ची के लापता होने की सूचना के बाद एमपी पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू की। बस स्टैंड के आसपास खड़ी बसों के साथ रेलवे स्टेशन मेला ग्राउंड और अन्य संभावित स्थानों पर भी बच्ची और संदिग्ध की तलाश की गई। देर रात तक पुलिस को दोनों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिला था।

Gwalior bus stand baby kidnapping
Explainer : TI की हत्या ने खोली कानून व्यवस्था की पोल! आखिर किसके संरक्षण में शराब माफिया के हौसले बुलंद ?

मां की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज

पड़ाव थाना पुलिस ने राधा अहिरवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण की धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और बच्ची को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास कर रही है।