Highlights :
ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में संतोष वर्मा का शव घर में फंदे पर मिला।
3 अक्टूबर को पत्नी प्रीति की छत से गिरने के बाद हुई थी मौत।
परिजनों का आरोप पत्नी की मौत के मामले में संतोष पर बनाया जा रहा था दबाव।
नाबालिग बेटे ने थाने में मारपीट किए जाने का आरोप लगाया।
Gwalior Husband and Wife Death Case : ग्वालियर शहर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में एक दुखद मामला सामने आया है। करीब 20 दिन पहले पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार सुबह पति का शव घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने पुलिस और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों ने बताया कि 3 अक्टूबर को संतोष की पत्नी प्रीति की छत से गिरने के कारण संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। संतोष पेशे से मजदूर था और पत्नी की मौत के मामले में उससे पूछताछ की जा रही थी।
ग्वालियर शहर में हुई इस घटना में मृतक के परिजनों का आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद से ससुराल पक्ष संतोष पर दबाव बना रहा था। उनका दावा है कि शुक्रवार को पुलिस ने संतोष को बयान देने के लिए थाने बुलाया था और उसे देर रात तक बैठाए रखा। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि जब परिवार के सदस्य थाने पहुंचे तो संतोष के पत्नी के भाई रवि, कालू, विवेक और मुनिया उस पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा रहे थे। बेटे का ये भी आरोप है कि पुलिस संतोष को एक कमरे में ले गई जहां उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया।
एमपी पुलिस ने संतोष को बयान के लिए थाने बुलाए जाने की बात स्वीकार की है लेकिन प्रताड़ित करने और मारपीट के आरोपों को खारिज किया है। सीएसपी इंदरगंज सर्किल रोबिन जैन के मुताबिक मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजन मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।