

Imarti Devi Stage Controversy : ग्वालियर के डबरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत जलसा गार्डन में आयोजित ‘मेरा सपनों का भारत—चित्र सेवा’ कार्यक्रम में पूर्व मंत्री इमरती देवी मंच पर नहीं पहुंचीं। कार्यक्रम के बैनर में भी उनकी तस्वीर नजर नहीं आई। खास बात यह रही कि ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाह ने खुद मंच से माइक संभालकर इमरती देवी को मंच पर आने के लिए बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्यकर्ताओं के बीच ही बैठी रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद भरत सिंह कुशवाह ने इमरती देवी से मंच पर आने का आग्रह किया। इसके बावजूद उन्होंने मंच साझा नहीं किया। बाद में मीडिया से बातचीत में इमरती देवी ने कहा कि वे किसी से नाराज नहीं हैं और खुद को पार्टी की छोटी सी कार्यकर्ता मानती हैं। उन्होंने कहा कि वे भाजपा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं के बीच बैठना ही उन्हें उचित लगता है।
मंच पर नहीं जाने की वजह पूछे जाने पर इमरती देवी ने मंच पर मौजूद लोगों को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “मंच पर हत्यारे और हत्या के आरोपी भी बैठे हुए हैं।” उन्होंने ऐसे लोगों के साथ मंच साझा करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे अच्छे लोगों के साथ बैठना पसंद करती हैं। उन्होंने हालांकि किसी व्यक्ति का नाम लेकर सीधे तौर पर कोई आरोप नहीं लगाया।
सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के पोस्टर और बैनर में अपनी तस्वीर नहीं होने के सवाल पर इमरती देवी ने कहा कि वे एक कार्यकर्ता हैं और हर कार्यकर्ता की तस्वीर पोस्टर पर होना जरूरी नहीं है। उन्होंने इस बात को मंच पर नहीं जाने की वजह के तौर पर स्वीकार नहीं किया और कहा कि वह कार्यकर्ताओं के बीच बैठना पसंद करती हैं।
जब उनसे पूछा गया कि सांसद के बुलाने के बावजूद वे मंच पर क्यों नहीं गईं, तो इमरती देवी ने कहा, “मैं अपनी मर्जी की मालिक हूं।” इसके साथ ही उन्होंने समय के बदलाव को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि समय सबका बदलता है, पहले किसी और का था, अब किसी और का है और आगे किसी और का होगा।
भाजपा नेता इमरती देवी के मंच से दूरी बनाने और इसके बाद दिए गए बयानों से कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक चर्चा तेज हो गई। मंच पर उनकी तस्वीर नहीं होने, सांसद द्वारा उन्हें बुलाए जाने के बावजूद मंच पर नहीं जाने और फिर ‘हत्यारे’ वाले बयान को लेकर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, इमरती देवी ने खुद किसी से नाराजगी होने से इनकार किया और खुद को भाजपा की कार्यकर्ता बताया।