

Gwalior School Bus Driver Firing : ग्वालियर के पिछोर थाना क्षेत्र में स्कूल बस चालक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने चालक को कार में पेट्रोल-सीएनजी खत्म होने का बहाना बनाकर धक्का लगाने के लिए बुलाया और उसके पास पहुंचते ही कट्टे से फायरिंग कर दी। हमले में चालक के चेहरे पर छर्रे लगे और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।
घटना सलैया से टेकनपुर मार्ग पर समूदन वेयर हाउस पुलिया के पास हुई। ग्लोरियस स्कूल टेकनपुर की बस का चालक खेम सिंह यादव स्कूली बच्चों को लेकर टेकनपुर जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने अपनी कार सड़क के बीच खड़ी कर दी। इसके बाद बस की महिला हेल्पर से कहा कि कार का पेट्रोल-सीएनजी खत्म हो गया है और चालक को धक्का लगाने के लिए भेज दें।
खेम सिंह जैसे ही कार के पास पहुंचा, उसमें बैठे बदमाशों ने उस पर जान से मारने की नीयत से 2-3 फायर कर दिए। कट्टे के छर्रे चालक के चेहरे पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशन में करीब आधा दर्जन थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नाका चंद्रबदनी स्थित पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर तीन संदिग्धों को स्विफ्ट कार समेत पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन उर्फ भीमा यादव, अभिषेक यादव और शिवम यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी अर्जुन ने कथित तौर पर बताया कि वर्ष 2022 में उसके भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। अर्जुन को शक था कि खेम सिंह उसके भाई को घायल अवस्था में छोड़कर चला गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर चालक पर हमला करने की साजिश रची।
ग्वालियर पुलिस के अनुसार पकड़े गए दो आरोपियों का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार जब्त कर ली है। वहीं घटना में शामिल बताए जा रहे राहुल यादव की तलाश जारी है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है।