सागर शराबकांड: एक और आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, CM मोहन यादव बोले- अपराधियों पर ऐसी ही कार्रवाई होगी

Shivanjay Rajput Short Encounter : सागर शराब कांड में 30 हजार के इनामी शिवांजय राजपूत का पुलिस से एनकाउंटर हुआ। पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। CM मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की बात कही।
CM Mohan Yadav
सागर में शिवांजय का शॉर्ट एनकाउंटरफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Sagar Liquor Case Encounter : सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस ने एक और आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत का पुलिस से मुठभेड़ मड़ैया के पास जंगल में हुआ। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही शिवांजय ने तीन फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

आरोपी के एनकाउंटर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सागर जहरीली शराब कांड के दूसरे आरोपी का भी शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता की जरूरत नहीं है। अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि सागर शराबकांड के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने जंगल में चारों तरफ से की घेराबंदी

13 सितंबर की तड़के बहरोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर शराब कांड का आरोपी शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस को आशंका थी कि वह बंडा-बहरोल मुख्य मार्ग से होते हुए अपने घर छापरी की ओर जा सकता है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखते ही तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान शिवांजय ने टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस पर तीन गोलियां चलाईं। इसके जवाब में पुलिस ने दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

कट्टा-कारतूस समेत मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक शिवांजय पहले से शराब तस्करी से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

CM Mohan Yadav
मुरैना में डूबा रपटा, ग्रामीणों ने जोखिम में डाली जान, घायल महिला को खाट पर लेटाकर पार कराई सोन नदी

शराबकांड के बाद सरकार का सख्त रुख

सागर जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। सरकार ने मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने का रुख अपनाया है। अब एक और आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में पकड़े जाने के बाद मुख्यमंत्री का बयान इस कार्रवाई को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को सामने रखता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com