Highlights :
ग्वालियर के दृष्टि आई केयर क्लिनिक में मोबाइल फोन फटने से हड़कंप।
मरीज के हाथ में अचानक तेज आवाज के साथ फटा मोबाइल।
मोबाइल में आग लगते ही वेटिंग एरिया में मची अफरा तफरी।
घटनास्थल के पास नवजात बच्चे के साथ बैठी थी महिला।
Mobile Phone Explodes in Gwalior Eye Care Clinic : एमपी के ग्वालियर में एक आई केयर क्लिनिक के वेटिंग एरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया जब इलाज के लिए पहुंचे एक मरीज के हाथ में अचानक मोबाइल फोन फट गया। धमाके के साथ मोबाइल में आग लग गई। घटना के बाद क्लिनिक में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा तफरी मच गई। घटनास्थल के पास ही एक महिला अपने नवजात बच्चे के साथ बैठी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक मामला ग्वालियर स्थित दृष्टि आई केयर क्लिनिक का है। रविवार दोपहर एक मरीज क्लिनिक के वेटिंग एरिया में बैठकर एमआई कंपनी का मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसके हाथ में मौजूद मोबाइल तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके के तुरंत बाद फोन में आग लग गई।
अचानक हुए धमाके और मोबाइल में लगी आग से क्लिनिक में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। मरीज और उनके परिजन घबराकर इधर उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए क्लिनिक परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया और लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
ग्वालियर शहर में हुई इस घटना में सबसे ज्यादा चिंता की बात ये रही कि जिस जगह मोबाइल फटा उसके पास ही एक महिला अपने नवजात बच्चे के साथ बैठी हुई थी। मोबाइल में हुए धमाके और आग की लपटों से महिला और बच्चे की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया था। हालांकि राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी बड़े हादसे या कोई जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद क्लिनिक परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल रहा। अचानक मोबाइल फोन फटने की इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल मोबाइल फटने के कारण और घटना से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी सामने नहीं आई है।