

Highlights:
ग्वालियर नगर निगम के 200 से अधिक पंप ऑपरेटरों का प्रदर्शन।
तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने पर कर्मचारियों में नाराजगी।
दीपावली पर परिवार का खर्च चलाने का संकट।
आयुक्त के बंगले के बाहर पहुंचकर कर्मचारियों ने लगाई गुहार।
Gwalior Municipal Corporation Employees Protest : दीपावली के त्योहार पर जहां शहर में रोशनी और खुशियों की तैयारियां चल रही हैं, वहीं ग्वालियर नगर निगम के मानदेय पंप ऑपरेटरों के घरों में मायूसी छाई हुई है। पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे 200 से अधिक कर्मचारी अपनी फरियाद लेकर नगर निगम आयुक्त के बंगले के बाहर पहुंच गए।
कर्मचारियों ने अपनी परेशानी बताते हुए जल्द भुगतान की मांग की। उनका कहना है कि जब तीन महीने से तनख्वाह नहीं मिली तो परिवार के साथ दीपावली का त्योहार कैसे मनाएं।
ग्वालियर में प्रदर्शन करने पहुंचे पंप ऑपरेटरों ने बताया कि वे लंबे समय से नगर निगम में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद पिछले तीन महीने से उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। लगातार वेतन अटके रहने से घर का बजट बिगड़ गया है। रोजमर्रा की जरूरतों के साथ बच्चों और परिवार के खर्च पूरे करना भी मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार के समय उन्हें आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ।
वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनका बकाया मानदेय जारी नहीं किया गया तो वे आयुक्त कार्यालय के बाहर ही दीये जलाकर दीपावली मनाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी सेवाएं लगातार दे रहे हैं, लेकिन समय पर मेहनताना नहीं मिलने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी मांग को लेकर 200 से अधिक पंप ऑपरेटर एकजुट होकर आयुक्त के बंगले पहुंचे।
कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद ग्वालियर नगर निगम आयुक्त ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाया। यहां कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन नहीं मिलने और परिवार के सामने आ रही आर्थिक परेशानियों की जानकारी दी। आयुक्त ने उनकी बात सुनते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने और वेतन भुगतान कराने का आश्वासन दिया है।