ग्वालियर: 30 साल पुरानी सहेली ने परिवार को खिलाया नशीला पदार्थ, जेवर उतारते वक्त बेटी ने पकड़ा

Gwalior Crime News : ग्वालियर के डबरा में 30 साल पुरानी सहेली पर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर महिला के गहने चोरी करने की कोशिश का आरोप लगा है। महिला की बेटी ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
Woman accused of drugging family members
नशीला पदार्थ खाने के बाद बिगड़ी लोगों की तबीयतफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Gwalior Friend Drugging Case : ग्वालियर के डबरा देहात थाना क्षेत्र में दोस्ती में धोखे का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जेल रोड स्थित काली माता मंदिर के पास रहने वाली उर्मिला बघेल के घर उसकी 30 साल पुरानी सहेली भानुमति चौहान पहुंची थी। आरोप है कि भानुमति ने घर में मौजूद लोगों को कोल्डड्रिंक और लड्डू खिलाए, जिसके बाद सात लोग गहरी नींद में चले गए।

उर्मिला का मायका उटीला में है, जहां भानुमति का परिवार भी उसके पड़ोस में रहता था। दोनों की करीब 30 साल पुरानी दोस्ती बताई जा रही है। शादी के बाद दोनों अलग-अलग रहने लगीं। कुछ दिन पहले मुलाकात के दौरान भानुमति ने उर्मिला को बताया कि उसके पति की हाल ही में मौत हो गई है और वह परेशान है। उर्मिला ने सहेली को सांत्वना देते हुए अपने घर आने के लिए कहा था।

कोल्डड्रिंक और लड्डू खाने के बाद बेहोशी

भानुमति कोल्डड्रिंक की बोतल और लड्डू लेकर उर्मिला के घर पहुंची। आरोप है कि उसने घर के सदस्यों के साथ किराएदारों को भी खाने-पीने के लिए दिया, जिनमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। इसके असर से उर्मिला समेत सात लोग गहरी नींद में चले गए। परिवार के मुताबिक, उर्मिला की गर्भवती बेटी ने भानुमति के दिए खाने-पीने की चीजों का सेवन नहीं किया था।

बेटी ने गहने उतारते हुए पकड़ लिया

जब घर के लोग गहरी नींद में थे, तभी उर्मिला की बेटी ने भानुमति को उसकी मां के गहने उतारते हुए देख लिया। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और भानुमति को पकड़ लिया। इसके बाद किसी तरह उर्मिला को होश में लाया गया। बेटी ने जब अपनी मां को पूरी बात बताई तो परिवार के लोग हैरान रह गए।

तीन बच्चों की हालत बिगड़ी

घटना के बाद घर में मौजूद लोगों को होश में लाने की कोशिश की गई। काफी प्रयास के बाद अधिकांश लोगों की हालत सामान्य हुई, लेकिन तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी, दस्त, चक्कर और घबराहट की शिकायत हुई। इसके बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Woman accused of drugging family members
इंदौर: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ को 5 शर्तों पर IDA की मंजूरी, कांग्रेस ने तेज की तैयारियां

आरोपी महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मामले की सूचना मिलने के बाद भानुमति को पुलिस के हवाले कर दिया गया। डबरा देहात थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खाने-पीने की चीजों में क्या मिलाया गया था और घटना के पीछे चोरी के अलावा कोई अन्य वजह थी या नहीं। जांच के बाद मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com