

Guna Police Action On Drugs: गुना जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैंट थाना पुलिस ने मिली सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 225 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि ये इंजेक्शन युवाओं को नशे के लिए सप्लाई किए जाने वाले थे।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जानी थी।
कैंट थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि सिंगवासा क्षेत्र के गुप्तगंगा रोड स्थित एक खाली मैदान में दो युवक संदिग्ध हालत में मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार उनके पास एक कार्टन और बैग में बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन रखे हुए थे और वह उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। इस सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव ने पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। बता दें कि इन आरोपियों ने भागने की कोशिश भी की लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस ने जब आरोपियों के पास मौजूद बैग और कार्टन की तलाशी ली तो उसमें 9 पैकेटों में रखे कुल 225 फिनिरामाइन मैलिएट (एविल) इंजेक्शन बरामद किए गए। बताया जाता है कि इन इंजेक्शनों का बिना चिकित्सकीय अनुमति के दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है और यह युवाओं के लिए अत्यंत खतरनाक माने जाते हैं।
कैंट थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 348/26 के तहत मध्य प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि भारी मात्रा में इंजेक्शन मिलना कहीं न कहीं किसी बड़े नेटवर्क की तरफ इशारा कर रहा है। जिसको लेकर पुलिस भी एक्शन मोड में नजर आ रही है। गुना पुलिस जांच में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।