

Highlights:
दिग्विजय सिंह के फेसबुक अकाउंट पर 30 दिन में 2.40 करोड़ व्यूज।
22 लाख एंगेजमेंट और 52,959 नए फॉलोअर्स जुड़े।
उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही है सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा।
Digvijaya Singh Satya Sanatan Yatra : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई दे रही है। दिग्विजय सिंह के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के पिछले 30 दिनों के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान उनके कंटेंट को 2 करोड़ 40 लाख व्यूज मिले हैं। वहीं, 22 लाख एंगेजमेंट और 52,959 नए फॉलोअर्स जुड़े हैं।
दिग्विजय सिंह के फेसबुक अकाउंट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक महीने में उनके पोस्ट और वीडियो को 24 मिलियन यानी 2.40 करोड़ व्यूज मिले। इस अवधि में 22 लाख एंगेजमेंट दर्ज किए गए, जबकि 52,959 नए लोग अकाउंट से जुड़े। इन आंकड़ों को यात्रा से संबंधित सोशल मीडिया गतिविधियों और लोगों की ऑनलाइन दिलचस्पी के रूप में देखा जा रहा है।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू हुई थी। इसका नेतृत्व दिग्विजय सिंह कर रहे हैं। यात्रा का मार्ग उज्जैन से अयोध्या तक निर्धारित किया गया है। इसकी प्रमुख मांग धार्मिक स्थलों और उनसे जुड़ी संस्थाओं में दान, चंदे, चढ़ावे और संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
यात्रा से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि भगवान श्रीराम सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और मेहनत की कमाई से दान और चढ़ावा अर्पित करते हैं। इसलिए इस धन का उपयोग पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। यात्रा के माध्यम से धार्मिक संस्थाओं में नियमित ऑडिट, आय-व्यय का सार्वजनिक ब्योरा और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच जैसी मांगें उठाई जा रही हैं।
दिग्विजय सिंह की यात्रा से जुड़े लोगों के मुताबिक, पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और धर्मप्रेमियों की भागीदारी देखने को मिल रही है। आयोजकों का मानना है कि सोशल मीडिया पर मिल रही प्रतिक्रिया से यात्रा के मुद्दों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।