

Dindori Stop Dam : डिंडौरी जिले के करंजिया विकासखंड की ग्राम पंचायत सेनगुड़ा के पोषक ग्राम टफिया टोला में तुड़ार नदी पर प्रस्तावित काजवे कम स्टॉप डैम का मामला सरकारी दावों और जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इस निर्माण का वर्ष 2021 और 2023 में दो बार लोकार्पण किया जा चुका है, लेकिन पांच साल बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
जानकारी के मुताबिक शुरुआत में स्टॉप डैम निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग को दी गई थी। कम लागत होने के कारण बाद में परियोजना की राशि बढ़ाकर करीब 72 लाख रुपये स्वीकृत की गई और काम जल संसाधन विभाग को सौंप दिया गया। इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने से नदी के दूसरी ओर बसे गांवों के लोगों की परेशानी बरकरार है।
भारी बारिश के दौरान तुड़ार नदी का जलस्तर बढ़ने पर टफिया टोला और आसपास के गांवों के लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। नदी पर स्थायी आवागमन की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें परिजन कई बार पहले उनका बैग दूसरी ओर पहुंचाते हैं और फिर छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर नदी पार कराते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सेनगुड़ा हाईस्कूल में पढ़ने वाले करीब 50 बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल पहुंचते हैं। बारिश के दिनों में नदी का पानी बढ़ने पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ बच्चों ही नहीं, बल्कि मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक ले जाने में भी यह रास्ता बड़ी बाधा बन जाता है।
टफिया टोला से नदी के दूसरी ओर बसे कई गांवों के लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होता है। स्टॉप डैम बनने से न सिर्फ बारिश के मौसम में आवागमन आसान होगा, बल्कि ग्रामीणों को नदी पार करने के जोखिम से भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से योजना स्वीकृत होने और दो बार लोकार्पण के बावजूद निर्माण शुरू नहीं होना चिंता का विषय है।
ग्रामीण मथुरा सारीवान और सरपंच देव नेटी सहित स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्टॉप डैम का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ता है तो किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। उनकी मांग है कि संबंधित विभाग मौके पर निर्माण शुरू कराकर वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करे।