

Dindori Patwari Strike Update: डिंडौरी जिले के तहसील डिंडौरी, शहपुरा एवं बजाग में पदस्थ पटवारियों की अनधिकृत अनुपस्थिति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के आदेशानुसार अपर कलेक्टर जेपी यादव ने निर्धारित शासकीय कर्तव्य से बिना अनुमति गैरहाजिर रहने वाले संबंधित पटवारियों को अंतिम सूचना जारी की है।
प्रशासन के अनुसार संबंधित पटवारियों को पूर्व में भी अपने निर्धारित शासकीय कर्तव्य स्थल पर उपस्थित होकर कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति अथवा स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
जारी अंतिम सूचना में कहा गया है कि पटवारियों की अनधिकृत अनुपस्थिति के कारण शासकीय कार्य प्रभावित हुआ है। साथ ही उन्हें सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में भी व्यवधान उत्पन्न हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी पटवारी की अनुपस्थिति के पीछे कोई वैध कारण है या सक्षम प्राधिकारी द्वारा अवकाश स्वीकृत किया गया है, तो संबंधित पटवारी को उसका अभिलेखीय प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।
संबंधित पटवारियों को अंतिम अवसर देते हुए निर्देशित किया गया है कि वे 08 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे अपने निर्धारित मुख्यालय/कर्तव्य स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। इसके साथ ही प्रभारी अधिकारी, भू-संसाधन प्रबंधन, जिला डिंडौरी के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अनुपस्थिति के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित नहीं होने अथवा संबंधित पटवारी द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 सहित अन्य लागू नियमों के तहत की जाएगी।
वहीं, जानकारी अनुसार जिले भर के पटवारी अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 1 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं,पटवारियों का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती तबतक हड़ताल जारी रहेगा। बिरसा मुंडा स्टेडियम प्रांगण में मध्य प्रदेश पटवारी संघ का धरना जारी हैं।