

CM Mohan Yadav Expresses Grief Dhar Incident: मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर में गणेश विसर्जन के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इसे हृदयविदारक बताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि धार जिले के बदनावर में गणेश विसर्जन के दौरान डेलची रोड स्थित नदी के पास तीन बच्चों के डूबने की हृदयविदारक घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रत्येक मृतक के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन युवकों की डूबने से हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए दिवंगत युवकों की आत्मा की शांति और उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपने दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए डोलची रोड स्थित पोखर पर पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे तीनों डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद युवकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
धार की एएसपी पारुल वेलापुरकर ने बताया कि तीनों युवक निर्धारित विसर्जन स्थल से करीब 500 मीटर आगे चले गए थे। इसी दौरान उनमें से एक युवक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी पानी में उतर गए, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों गहरे पानी में समा गए, जिससे उनकी मौत हो गई।