उज्जैन में गणेश पंडाल में भीषण आग, 11 फीट की गणेश प्रतिमा खंडित; दो दमकल ने पाया काबू

Ujjain Ganesh Pandal Fire: उज्जैन की संत राम सिंधी कॉलोनी में गणेश पंडाल में आग लग गई। पंडाल का अधिकांश हिस्सा जल गया और 11 फीट की गणेश प्रतिमा खंडित हो गई। शॉर्ट सर्किट की आशंका, जनहानि नहीं।
11 feet Ganesh idol damaged in Ujjain pandal fire
उज्जैन गणेश पंडाल में लगी आग(फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ganesh Idol Damaged In Ujjain Pandal Fire: उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र की संत राम सिंधी कॉलोनी में बुधवार शाम गणेश उत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्री सम्राट नवयुवक मित्र मंडल के गणेश पंडाल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पंडाल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। पंडाल में स्थापित करीब 11 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा भी आग की चपेट में आकर खंडित हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

बताया गया कि गणेश उत्सव के लिए पंडाल को माता वैष्णो देवी की थीम पर आकर्षक तरीके से सजाया गया था। यहां गजानन गणपति के साथ उनकी बहन अशोक सुंदरी की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। बुधवार शाम अचानक पंडाल से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।

दो दमकल वाहनों ने पहुंचकर बुझाई आग

सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी घटनास्थल पर भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। आग तेजी से फैलने के कारण पंडाल का अधिकांश हिस्सा, सजावटी सामान और अन्य सामग्री जल गई। वहीं गणेश प्रतिमा को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

बिजली लाइन और उपकरण भी आग से प्रभावित

आग बुझने के बाद बिजली कर्मचारियों की टीम भी मौके पर पहुंची। पंडाल के आसपास आग से प्रभावित बिजली लाइन और उपकरणों को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। उज्जैन पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है, जिसके बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

11 feet Ganesh idol damaged in Ujjain pandal fire
उज्जैन के खड़े हनुमान पहुंचे संत बम-बम भोला, बोले- AI और ड्रोन के दौर में भी हनुमान सबसे ऊपर, प्रतिमा न हटे

पुलिस बोली- जांच के बाद सामने आएगा कारण

नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि गणेश पंडाल में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दमकल की दो गाड़ियों की सहायता से आग पर तत्काल काबू पा लिया गया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। थाना प्रभारी के अनुसार आग किस कारण से लगी, इसकी पुष्टि पंडाल का विस्तृत निरीक्षण और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com