धार में दर्दनाक हादसा: चलती कार में आग लगने से 4 युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

Dhar Car Accident : महू-नीमच फोरलेन पर टायर फटने के बाद पुलिया से नीचे गिरी कार। सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे पांचों युवक। ड्राइवर की तरफ का टायर अचानक फटने से कार पुलिया से नीचे गिर गई।
Mhow Neemuch Road Accident
चलती कार में आग लगने से 4 युवकों की मौतफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन पर भीषण हादसा।

  • टायर फटने के बाद पुलिया से नीचे गिरी कार।

  • कार में आग लगने से चार युवकों की मौत।

Car Fire Accident Four Youths Burnt Alive : धार जिले में महू-नीमच फोरलेन पर रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सादलपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया।

हादसे के दौरान कार में आग लग गई जिसमें सवार 4 युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। एक युवक किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहा लेकिन वह करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

टायर फटने के बाद पुलिया से नीचे गिरी कार

एमपी पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 11:30 बजे सादलपुर थाना क्षेत्र में एक ढाबे के पास महू-नीमच फोरलेन पर ये हादसा हुआ। कार में 5 लोग सवार थे। बताया गया है कि ड्राइवर की तरफ का टायर अचानक फट गया जिसके बाद कार पुलिया पर बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का इंजन बाहर निकल गया और वाहन पुलिया से नीचे जा गिरा। इसके बाद कार में आग लग गई।

CNG सिस्टम में विस्फोट की भी जानकारी

मृतक के परिजन के मुताबिक हादसे के बाद कार में लगे सीएनजी सिस्टम में विस्फोट हुआ जिससे आग ने भीषण रूप ले लिया। हालांकि आग लगने और फैलने के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर गिर गया और उसकी जान बच गई जबकि अंदर फंसे चार युवकों को बचाया नहीं जा सका।

सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे युवक

मिली जानकारी के अनुसार पांचों युवक सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने गए थे। वहां से घर लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक धार जिले के सागौर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20), चेतन चौधरी (20), अनमोल तिवारी (19) और अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम तुषार बताया गया है।

चार शव जिला अस्पताल पहुंचे, घायल इंदौर रेफर

धार जिला अस्पताल के सिविल सर्जन के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवकों के शव अस्पताल लाए गए। घायल युवक भी अस्पताल पहुंचा था जो करीब 40 प्रतिशत झुलसा हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इंदौर रेफर किया गया।

Mhow Neemuch Road Accident
दमोह स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय फिसला यात्री, दोनों पैर कटे, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर के अनुसार हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। कार में पांच लोग सवार थे जिनमें से केवल एक युवक बाहर निकल पाया। बाकी चार युवकों की आग में जलने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com