

देवास अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में दो आरोपियों को मिली जमानत।
एमपी हाईकोर्ट की इंदौर पीठ ने मुकेश विज और अनिल मालवीय को दी राहत।
हादसे में 12 मजदूरों की मौत और 19 लोग घायल हुए थे।
दोनों आरोपी 17 मई से जेल में बंद थे।
Dewas Factory Explosion Two Accused Bail: मध्य प्रदेश के देवास में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए खौफनाक विस्फोट केस में एक नया मोड़ आया है। दरअसल, एमपी हाईकोर्ट की इंदौर पीठ ने दो आरोपियों को जमानत दे दी है। जानकारी के अनुसार इस हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
जस्टिस आलोक अवस्थी ने मुकेश विज और अनिल मालवीय की ओर से पेश की गई अपील को स्वीकार करते हुए जमानत को खारिज करने वाले आदेश को कैंसिल कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों मई महीने की 17 तारीख से जेल में बंद थे।
इस मामले में कोर्ट ने साफ कहा कि फैक्ट्री का मालिक, मैनेजर, पार्टनर या फाइनेंसर होना अपने आप में किसी भी इंसान की आपराधिक जिम्मेदारी को तय करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
दरअसल, देवास जिले में हुए इस हादसे में 12 मजदूरों की जान चली गई थी और 19 लोग घायल हुए थे। जांच में फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने, जरूरी एनओसी और लाइसेंस संबंधी शर्तों का पालन नहीं करने तथा निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री रखने की बात सामने आई थी। घटना के बाद फैक्ट्री के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।
बचाव पक्ष ने हाई कोर्ट को बताया कि मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और आरोपियों की हिरासत जारी रखने का कोई औचित्य नहीं है। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि अभियोजन को यह साबित करना होगा कि संबंधित व्यक्ति की अपराध में व्यक्तिगत भूमिका क्या थी और उसने कौन-सा आपराधिक कृत्य किया। केवल पद या व्यावसायिक संबंध के आधार पर आपराधिक जिम्मेदारी तय नहीं की जा सकती।