

मुरैना के कुल्हौली मोड़ पर तेज रफ्तार बस ने तीन लोगों को मारी टक्कर।
हादसे में 35 वर्षीय पिता रघुराज और 14 वर्षीय बेटे लवकुश की मौत।
बुजुर्ग मां लोहरी बाई गंभीर रूप से घायल, ग्वालियर रेफर।
गोवर्धन पूजा का न्योता खाकर मायके जाने की तैयारी कर रहा था परिवार।
Bus Accident Morena Father Son Death: मुरैना जिले में नेशनल हाईवे स्थित कुल्हौली मोड पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, सबलगढ़ से मुरैना की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार की तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय पिता और उसके 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।
जबकि बुजुर्ग मां गंभीर रूप से घायल हो गई, घायल महिला को जिला अस्पताल से ग्वालियर अस्पताल रेफर किया गया है, हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए।
जानकारी के अनुसार बामसोली क्षेत्र के नंदापुरा निवासी 60 वर्षीय लोहरी बाई कुशवाहा अपने 14 वर्षी नाती लवकुश के साथ कुतघान गांव में गोवर्धन पूजा का न्योता खाने गई थी, वहां से दोनों को पंचमपुरा पहाड़गढ़ जाना था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वे कुल्हौली मोड पर पहुंची, इसी दौरान लोहरी बाई का 35 वर्षीय बेटा रघुराज कुशवाहा भी करजौनी में बाबू बाबा की जात करके बाइक से वहां पहुंच गया, रघुराज अपनी मां को दौज पर उनके मायके पंचमपुरा ले जाने की तैयारी कर रहा था।
बताया गया है कि तीनों को प्यास लगी थी, ऐसे में रघुराज के चाचा का बेटा सत्यवीर कुशवाहा पानी लेने के लिए सड़क के दूसरी ओर चला गया। इसी दौरान सबलगढ़ से मुरैना जिला जा रही बस क्रमांक MP 06 P5277 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाते हुए सड़क किनारे खड़े रघुराज, लोहरी बाई और लवकुश को जोरदार टक्कर मार दी।
बस की टक्कर इतनी भीषण थी कि रघुराज कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल लवकुश और उसकी दादी लोहरी बाई को कैलारस अस्पताल ले जाया गया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही लवकुश ने दम तोड़ दिया। लोहरी बाई की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे में पिता पुत्र की मौत की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना करने वाली बस पर पथराव कर दिया। जिससे बस के शीशे पूरी तरह टूट गए, सूचना मिलने पर सबलगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ अपराध पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।