दतिया उपचुनाव में प्रचार के बीच दिखा जीतू पटवारी का अलग अंदाज, किसान के खेत में चलाया ट्रैक्टर

Datia By Election: दतिया उपचुनाव में प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता जीतू पटवारी खेत में पहुंचे और ट्रैक्टर चलाकर धान की रोपाई की तैयारी में किसानों का हाथ बंटाया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Jitu Patwari Tractor Video
ट्रैक्टर चलाते जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Jitu Patwari Tractor Video: दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का अलग अंदाज देखने को मिला। जनसंपर्क के दौरान वे सीधे खेत में पहुंचे और किसानों के साथ धान की रोपाई की तैयारी में हाथ बंटाया। उन्होंने ट्रैक्टर चलाकर खेत में संगा किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह घटनाक्रम दतिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोनार का है। जनसंपर्क अभियान के दौरान जीतू पटवारी मुख्य सड़क किनारे स्थित किसान कालीचरण पटेल के खेत पर पहुंचे। उस समय किसान के बेटे जयदीप पटेल ट्रैक्टर से धान की रोपाई की तैयारी कर रहे थे। यह देखकर जीतू पटवारी खुद ट्रैक्टर पर बैठ गए और कुछ देर तक खेत में ट्रैक्टर चलाकर किसानों के साथ काम किया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जीतू पटवारी के ट्रैक्टर चलाने का वीडियो वहां मौजूद ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। चुनावी माहौल के बीच नेताओं की ऐसी तस्वीरें लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।

कांग्रेस ने बताया किसानों के सम्मान का संदेश

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जीतू पटवारी का खेत में उतरकर किसानों के साथ काम करना किसानों के प्रति सम्मान और उनके संघर्ष से जुड़ाव का प्रतीक है। पार्टी का दावा है कि कांग्रेस हमेशा किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और यह कदम उसी भावना का हिस्सा है।

घनश्याम सिंह के समर्थन में कर रहे प्रचार

जीतू पटवारी इन दिनों दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में लगातार जनसभाएं और जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी अभियान के दौरान उन्होंने ग्राम सोनार में किसानों के बीच पहुंचकर यह संदेश देने की कोशिश की। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी प्रचार के बीच नेताओं के ऐसे अलग अंदाज का मतदाताओं पर कितना प्रभाव पड़ता है।

https://youtube.com/shorts/aiWuWHNccLs?si=XNMufMnRdMpgV7SZ

Navbharat Live
navbharatlive.com