

Bharat Singh Kushwah Campaign: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सोमवार को भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने दतिया में कुशवाह, वाल्मीकि, मांझी सहित विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजनों और वरिष्ठजनों के साथ संवाद किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव दतिया के विकास और बेहतर भविष्य का चुनाव है।
सभा को संबोधित करते हुए भारत सिंह कुशवाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक समाजों, गांवों और शहरों से केवल वोट लेने का काम किया, लेकिन उनके विकास और सम्मान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद और वंशवाद तक सीमित रही, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने सभी वर्गों और समाजों को समान अवसर और प्रतिनिधित्व देने का कार्य किया है।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने गांवों और शहरों के विकास को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। इसी सोच के तहत पार्टी ने दतिया उपचुनाव में जमीनी कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।
भारत सिंह कुशवाह ने दतिया उपचुनाव में जनता से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनप्रतिनिधि हमेशा जनता के सुख-दुख में सहभागी रहता है, जबकि कांग्रेस चुनाव के समय ही जनता के बीच दिखाई देती है। उन्होंने मतदाताओं से विकास और स्थिर नेतृत्व के लिए भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में सांसद कुशवाह ने आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा आरक्षण के समर्थन में रही है और समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए काम करती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास योजनाओं को धरातल पर उतारकर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।