दतिया में जुआ कार्रवाई पर सियासी हलचल, सरपंच की गिरफ्तारी के बाद SP के पास पहुंचे सांसद और विधायक

Datia Sarpanch Arrest : दतिया के बस्तूरी में जुआ कार्रवाई के दौरान सरपंच की गिरफ्तारी पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए। सांसद संध्या राय और विधायक एसपी से मिले। मामले में जांच टीम गठित की गई है।
Villagers meet Datia SP over the arrest of Basturi village sarpanch
जुआ कार्रवाई के बाद दतिया में सियासी हलचलफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Datia Gambling Action : दतिया जिले के सेवढ़ा क्षेत्र में जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब सियासी चर्चा का विषय बन गई है। 9 सितंबर को भगुवापुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बस्तूरी में हुई कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत सरपंच सुरेंद्र सिंह चौहान को हिरासत में लिए जाने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ग्रामीणों ने एसपी को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि सरपंच को गलत तरीके से हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस की ओर से यह भी सामने आया है कि सुरेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ जुआ खिलाने से जुड़े आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई थी।

मामले में सांसद और विधायक की एंट्री

विवाद बढ़ने के बाद मामले में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई। भिंड-दतिया सांसद संध्या राय, सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल और भाजपा नेता घनश्याम पिरोनिया ने दतिया एसपी से मुलाकात की। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस कार्रवाई पर सीधे सवाल उठाने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग रखी। उनका कहना था कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

एडिशनल एसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित

मामले को लेकर एसपी ने एडिशनल एसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है। अब जांच टीम पुलिस कार्रवाई के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया और ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई में नियमों का पालन हुआ था या नहीं और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

जुआ कार्रवाई से सियासी मुद्दे तक पहुंचा मामला

बस्तूरी में शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई अब केवल जुआ-सट्टे के मामले तक सीमित नहीं रही। सरपंच की हिरासत, ग्रामीणों के आरोप और इसके बाद सांसद-विधायक समेत भाजपा नेताओं के एसपी से मिलने से मामला राजनीतिक चर्चा में आ गया है। अब निगाह जांच रिपोर्ट पर है, जिससे यह साफ होगा कि पुलिस कार्रवाई सही प्रक्रिया के तहत हुई या मामले में लगाए गए आरोपों में दम है।

Villagers meet Datia SP over the arrest of Basturi village sarpanch
सागर शराबकांड: यूपी से गांव लौट रहा 30 हजार का इनामी शिवांजय, पुलिस पर किए 3 फायर तो हुआ शॉर्ट एनकाउंटर

क्या सिर्फ निष्पक्ष जांच की मांग या कोई सियासी संदेश?

इस पूरे घटनाक्रम ने दतिया जिले की सियासत में भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी आरोपी का बचाव करना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना है। वहीं, पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। फिलहाल बस्तूरी की जुआ कार्रवाई पुलिस कार्रवाई से आगे बढ़कर दतिया की राजनीति में चर्चा का मुद्दा बन गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com