

Narottam Mishra Warning Police : दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद समर्थकों द्वारा किया गया हाईवे जाम और पुलिस-प्रदर्शनकारी विवाद का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एक जनसभा के मंच से पुलिस कार्रवाई को लेकर तीखे तेवर दिखाए और अधिकारियों को खुले मंच से चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वह घटनाओं को भूलते नहीं हैं और हर बात याद रखते हैं।
दरअसल, दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने नेशनल हाईवे पर करीब 11 घंटे तक जाम लगाया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह तनाव की स्थिति बनी थी। पुलिस ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की, जबकि प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए थे।
इसी दौरान एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक पुलिसकर्मी वाहन का कांच तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा था। भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR, पिटाई और पुलिसकर्मी के वायरल वीडियो को लेकर दतिया में नरोत्तम मिश्रा का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मंच से ही चेतावनीभरे लहजे में संबोधन दिया।
दतिया में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा 'मैं एक मित्र से कहना चाहता हूं कि आपने लाठीचार्ज किया, जिसका हमारे पास वीडियो है। आपको चक्का जाम खुलवाना था तो खुलवाते, लेकिन आंसू गैस के गोले कार्यालय पर क्यों दागे गए? क्या कार्यालय की बिल्डिंग सड़क को रोक रही थी? नहीं ना... एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, मैं याद रखता हूं।
मिश्रा ने कहा 'मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं। मैं प्रेम और क्रोध दोनों याद रखता हूं। इस माइक से आवा आप तक पहुंचेगी, ये मुझे मालूम है इसीलिए कह रहा हूं कि किसी भी कीमत पर निर्दोष कार्यकर्ताओं पर केस लगाना और निर्दोष लोगों को पीटना बर्दाश्त नहीं होगा। हम सब 3 तारीख तक हम सब इंतज़ार कर रहे हैं।' फिलहाल नरोत्तम मिश्रा के बयान के बाद दतिया में उपचुनाव से जुड़ा विवाद एक बार फिर राजनीतिक मुद्दा बन गया है।