दतिया उपचुनाव : बसई की सभा में आजाद समाज पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, ग्रामीणों से संवाद कर बहुजन एकता का आह्वान

Azad Samaj Party Rally: दतिया उपचुनाव के प्रचार के बीच बसई में आजाद समाज पार्टी की जनसभा आयोजित हुई। प्रत्याशी ने ग्रामीणों से संवाद कर सामाजिक न्याय, बहुजन एकता और किसानों के मुद्दों पर समर्थन मांगा।
Datia By Election 2026
जन संवाद करते प्रत्याशी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Datia By Election 2026: दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के तहत बसई गांव में आजाद समाज पार्टी की ओर से एक जनसभा आयोजित की गई। पार्टी के अनुसार सभा में बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पार्टी प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की बात कही।

दामोदर सिंह यादव कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी वर्गों की समान भागीदारी जरूरी है और चुनाव के माध्यम से आम जनता अपनी आवाज को मजबूत कर सकती है। सभा में मौजूद लोगों से आगामी मतदान में पार्टी के चुनाव चिन्ह केतली के पक्ष में समर्थन देने की अपील भी की गई।

बहुजन समाज की एकजुटता पर दिया जोर

जनसभा के दौरान पार्टी नेताओं ने बहुजन एकता को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताते हुए दलित, पिछड़ा, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज से एकजुट होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। पार्टी के अनुसार कार्यक्रम में लोधी, कुशवाह, यादव, अहिरवार और जाटव समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पार्टी के प्रति समर्थन व्यक्त किया। प्रत्याशी ने अपने संबोधन में कहा कि यह चुनाव केवल एक प्रत्याशी का नहीं, बल्कि किसान, मजदूर, युवा, दलित और पिछड़े समाज के सम्मान, अधिकार और हिस्सेदारी से जुड़ा चुनाव है।

खेत में धान की रोपाई कर किसानों से किया संवाद

जनसभा के बाद दामोदर सिंह यादव ने एक गांव में किसानों के साथ खेत में पहुंचकर धान की पौध की रोपाई की और कृषि कार्य में सहभागिता निभाई। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को सुना। किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों से अवगत कराया, जिस पर प्रत्याशी ने भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज विधानसभा तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद भी देखने को मिला।

गांव चौपालों में सुनीं समस्याएं, मांगा समर्थन

प्रचार अभियान के तहत पार्टी की गांव चौपाल यात्रा भी जारी रही। डांग करेरा, चक्क हतलाई, गोदरी सानी और गणेशखेड़ा गांवों में आयोजित चौपालों के दौरान दामोदर सिंह यादव ने ग्रामीण परिवारों से मुलाकात की। चौपालों में किसानों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। साथ ही सामाजिक न्याय, समान अधिकार और बहुजन एकता के मुद्दों पर चर्चा करते हुए पार्टी के पक्ष में समर्थन देने की अपील की गई। पार्टी का दावा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और आगामी दिनों में विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कार्यक्रम जारी रहेंगे।

https://youtu.be/DeEf75FxZ2A?si=AVVZ66xMKDlzZQnX

Navbharat Live
navbharatlive.com