दतिया में 11 जुलाई को आजाद समाज पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद करेंगे विशाल जनसभा

Chandrashekhar Azad Datia Visit: दतिया उपचुनाव से पहले आजाद समाज पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया है। 11 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद दतिया के किला चौक पर विशाल जनसभा करेंगे।
Datia By Election Azad Samaj Party Rally
दामोदर यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Datia By Election Azad Samaj Party Rally: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। भाजपा और कांग्रेस के साथ अब आजाद समाज पार्टी (एएसपी) ने भी चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी ने 11 जुलाई को दतिया में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद दतिया पहुंचकर शहर के किला चौक पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस संबंध में आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को होने वाली सभा की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं और इसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

मजबूती से चुनाव लड़ेगी पार्टी

दामोदर यादव ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में आज़ाद समाज पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि किला चौक पर प्रस्तावित यह जनसभा जिले की अब तक की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में शामिल होगी। पार्टी संगठन लगातार गांव-गांव और वार्ड स्तर पर संपर्क अभियान चला रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

कांग्रेस पर साधा निशाना

पत्रकार वार्ता के दौरान दामोदर यादव ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। उनके अनुसार कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता चुनाव लड़ने से इनकार कर रहे हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि पार्टी अंततः एक डमी प्रत्याशी उतार सकती है।

जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी पार्टी

उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी और दतिया की जनता इस बार एक मजबूत विकल्प के रूप में पार्टी को देख रही है। दामोदर यादव ने कार्यकर्ताओं से जनसभा को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील भी की।

रणनीति बनाने में जुटे राजनीतिक दल

गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। ऐसे में 11 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की प्रस्तावित जनसभा को चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए आजाद समाज पार्टी अपनी संगठनात्मक ताकत और चुनावी तैयारियों का प्रदर्शन करेगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी दिनों में भाजपा और कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की घोषणा कब करती हैं और दतिया का चुनावी मुकाबला किस दिशा में आगे बढ़ता है।

https://youtu.be/Q6xuhJblEGI?si=EP6aVb-sNfNcsSQa

Navbharat Live
navbharatlive.com