दमोह के हटा में निजी एंबुलेंस चालक की मनमानी; पैसे कम पड़ने पर करंट से झुलसे मरीज को पेट्रोल पंप पर ही उतारा
Damoh News: हटा में एक निजी एंबुलेंस चालक पर करंट से घायल युवक को बीच रास्ते में छोड़ने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि परिजनों के पास पैसे नहीं होने पर चालक मरीज को अधर में छोड़कर चला गया।
- Written By: सजल रघुवंशी
दमोह में एंबुलेंस चालक की मनमानी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Damoh Private Ambulance Driver Drop Patient At Petrol Pump: दमोह जिले के हटा में एक निजी एंबुलेंस चालक पर करंट से घायल युवक को बीच रास्ते में छोड़ने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि परिजनों के पास पैसे नहीं होने पर चालक मरीज को अधर में छोड़कर चला गया। इसके बाद स्वजन अपने रिश्तेदार की गाड़ी से घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, पांजी निवासी अक्षु पटेल, पिता स्वर्गीय मुकेश पटेल, शनिवार सुबह खेत में काम के दौरान करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल हटा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया।
पेट्रोल पंप पर युवक को छोड़ भागा एंबुलेंस चालक
बताया जा रहा है कि शासकीय 108 एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो पाई। ऐसे में परिजनों ने अस्पताल परिसर में खड़ी एक निजी एंबुलेंस के चालक से घायल युवक को दमोह ले जाने की गुहार लगाई। मरीज को एंबुलेंस में बैठाकर वाहन रवाना तो हुआ, लेकिन सिविल अस्पताल से कुछ ही दूरी पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास चालक ने गाड़ी रोक दी। आरोप है कि यहां चालक ने डीजल भरवाने के लिए तत्काल पूरे पैसे की मांग शुरू कर दी।
सम्बंधित ख़बरें
Raja Raghuvanshi Murder Case: SC में सोनम रघुवंशी की जमानत पर सुनवाई के बाद परिवार का बड़ा बयान। देखें VIDEO
जबलपुर केंद्रीय जेल में शिलान्यास; स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा ‘बाबूजी’ की स्मृति में बनेगा भव्य सभा भवन
वीर भारत न्यास मामले में जीतू पटवारी को 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस; तीन दिन में माफी की मांग
कोलकाता में ऐतिहासिक क्षण; MP विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने ओम बिरला को सौंपी 11 सुझावों की रिपोर्ट
परिजनों ने चालक को दिए थे 400 रुपये
परिजनों के पास उस समय केवल 400 रुपये थे, जो उन्होंने एंबुलेंस चालक को दे दिए। उन्होंने बाकी रकम जिला अस्पताल पहुंचने के बाद देने की बात कही लेकिन चालक पूरी राशि तत्काल देने की जिद पर अड़ गया। आरोप है कि इसके बाद चालक घायल युवक को पेट्रोल पंप पर ही छोड़कर एंबुलेंस लेकर चला गया। घटना के बाद परिजनों ने जल्दबाजी में अपने रिश्तेदार की गाड़ी बुलवाई और किसी तरह घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें: MP News: सड़क के गड्ढों का होगा 48 घंटे में परमानेंट इलाज! रोड सेफ्टी कमेटी का MP सरकार को बड़ा अल्टीमेटम
सीएमएचओ को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग
इस मामले में दमोह जिले के हटा सिविल अस्पताल के डॉ. उमा शंकर पटेल ने बताया कि उन्हें भी घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने इस संबंध में कार्रवाई के लिए सीएमएचओ को पत्र लिखा है, ताकि इस तरह की मनमानी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकें।
