Damoh News: चलते ट्रक में अचानक लगी भीषण आग, ड्राइवर और क्लीनर ने कूदकर बचाई जान, लाखों रुपए का नुकसान
Tendu Leaves Truck Fire: दमोह के जबेरा में तेंदुपत्ता से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। कोई घायल नहीं हुआ।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
ट्रक में लगी आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Damoh Truck Fire News: दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुबरा-सिहोरा मार्ग पर गुरुवार देर रात तेंदूपत्ता से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा और उसमें भरा तेंदूपत्ता सहित पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। हादसे में चालक और परिचालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना कुसमी मनगढ़ पुल के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा गुरुवार रात करीब ढाई बजे हुआ। ट्रक गुबरा-सिहोरा मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक उसमें आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग तेजी से फैलती देख चालक और परिचालक ने तुरंत ट्रक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। शुक्रवार सुबह तक ट्रक में आग धधकती रही।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि दूर से ही आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं और पूरा ट्रक आग की चपेट में था। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक में भरा सूखा तेंदूपत्ता आग को तेजी से फैलाने का कारण बन गया, जिससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर में कांग्रेस की साइक्लोथॉन के बाद हर तरफ फैला कचरा, नगर निगम ने लगाया स्पॉट फाइन, भाजपा ने साधा निशाना
दतिया उपचुनाव: BJP प्रत्याशी के साथ अवधेश नायक की तस्वीर वायरल, बोले- फिलहाल कांग्रेस छोड़ने का कोई इरादा नहीं
दतिया उपचुनाव: कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा बोले- नरोत्तम मिश्रा के आंसुओं के सैलाब में बह जाएगी बीजेपी
चेंबूर स्कूल बस हादसा: BMC जांच रिपोर्ट में ठेकेदार पर 5 लाख जुर्माने की सिफारिश, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका
आग लगने के कारण लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या ट्रक में तकनीकी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : क्राइम सिटी बना सागर: 26 दिन में 9वीं हत्या, हाईवे किनारे मिली महिला की लाश, हत्या के बाद फेंका शव
हादसे के कारण प्रभावित रहा आवागमन
घटना के बाद कुछ समय तक गुबरा-सिहोरा मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वह मार्ग दमोह को कटनी और जबलपुर जिले से जोड़ता है, इसलिए देर रात तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
