

Sagar Murder Case: सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भोपाल हाईवे किनारे बेरखेड़ी गांव के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की लाश चादर में लिपटी हुई थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। सागर में अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं। बीते 26 दिनों में जिले में ये 9वीं हत्या की वारदात सामने आई है, जिसने आम जनता और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे राहगीरों ने हाईवे किनारे संदिग्ध हालत में एक शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राहतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत महिला की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। महिला लाल साड़ी पहने हुई थी। शव कई दिन पुराना होने के कारण फूल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना काफी मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। महिला के शरीर पर खून के निशान और कई गंभीर जख्म मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। हालांकि पुलिस ने रेप जैसी किसी घटना से साफ इनकार किया है। थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस को महिला के हाथों में चांदी जैसी धातु की चूड़ियां भी मिली हैं। ऐसे में लूटपाट की संभावना कम मानी जा रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि महिला किसी परिचित के साथ हो सकती है और उसी ने भरोसे में लेकर इस वारदात को अंजाम दिया होगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि महिला की पहचान की जा सके।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह महिला कौन है, उसकी हत्या कहां हुई और शव को हाईवे किनारे क्यों फेंका गया? इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। देर रात तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
गौरतलब है कि सागर जिले में लगातार बढ़ती हत्या की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। पिछले 26 दिनों में हत्या की यह 9वीं वारदात बताई जा रही है, जिससे जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।